Bareilly News: कोहड़ापीर चौक के स्वरूप बदलाव पर सपा पार्षद सख्त। ,आस्था से जुड़ा है कलम-दवात प्रतीक, बिना सहमति बदलाव नहीं: गौरव सक्सेना
बरेली रूबरू बरेली। कोहड़ापीर स्थित श्री चित्रगुप्त चौक पर लगे भगवान चित्रगुप्त जी के प्रतीक चिन्ह कलम-दवात को हटाने या चौक का स्वरूप बदलने के प्रस्ताव पर विवाद की स्थिति बनती दिख रही है।
समाजवादी पार्टी के पार्षद एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष गौरव सक्सेना ने नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य को पत्र लिखकर इस मामले में जनभावनाओं का ध्यान रखने की मांग की है।
गौरव सक्सेना ने बताया कि उक्त कलम-दवात की स्थापना उन्होंने नगर निगम बोर्ड से प्रस्ताव स्वीकृत कराकर, नगर निगम की अनुमति एवं यातायात विभाग की अनापत्ति के बाद कराई थी।
इस कार्य में श्री चित्रगुप्त सेवा समिति समेत अन्य कायस्थ संगठनों का भी सहयोग रहा था। इसका उद्देश्य समाज में शिक्षा के महत्व का संदेश देना था।
उन्होंने कहा कि यदि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इस प्रतीक चिन्ह को स्थानांतरित करने या चौक के स्वरूप में बदलाव की योजना बनाई जाती है, तो उससे पहले संबंधित समाज और संगठनों से सहमति लेना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कलम-दवात कायस्थ समाज की आस्था से जुड़ा प्रतीक है, ऐसे में बिना संवाद और सहमति के कोई भी निर्णय जनभावनाओं को आहत कर सकता है।
पार्षद ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि बिना सहमति के कोई कदम उठाया गया तो यह मामला बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि किसी भी परिवर्तन से पहले सभी पक्षों को विश्वास में लेकर ही जनहित में निर्णय लिया जाए।
0 Response to "Bareilly News: कोहड़ापीर चौक के स्वरूप बदलाव पर सपा पार्षद सख्त। ,आस्था से जुड़ा है कलम-दवात प्रतीक, बिना सहमति बदलाव नहीं: गौरव सक्सेना"
एक टिप्पणी भेजें