उर्स-ए-आला हज़रत को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, 4 सुपर जोन, 8 जोन और 29 सेक्टर में सुरक्षा का कड़ा पहरा
बरेली रूबरू बरेली। 108वें उर्स-ए-आला हज़रत के शांतिपूर्ण एवं सकुशल आयोजन को लेकर बुधवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 6, 7 एवं 8 अगस्त को आयोजित होने वाले उर्स के दौरान प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जनपद को 4 सुपर जोन, 8 जोन और 29 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की तैनाती कर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस सेवा, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बरेली की गंगा-जमुनी तहज़ीब को कायम रखते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में उर्स का आयोजन कराया जाएगा। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
बैठक में रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा एवं यातायात संचालन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाए।
0 Response to "उर्स-ए-आला हज़रत को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, 4 सुपर जोन, 8 जोन और 29 सेक्टर में सुरक्षा का कड़ा पहरा"
एक टिप्पणी भेजें