गणपति महोत्सव के तीसरे दिन राधा-कृष्ण संग होली की प्रस्तुति ने मचाई धूम, देर रात तक उमड़े श्रद्धालु
बरेली रूबरू बरेली। राजेन्द्र नगर स्थित गणेश महोत्सव आयोजन कमेटी (रजि.) द्वारा आयोजित विशाल गणपति महोत्सव 2026 के तीसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण संग होली, मयूर नृत्य और माता काली के विभिन्न स्वरूपों की झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में बरेली के विभिन्न क्षेत्रों से आए सांस्कृतिक समूहों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने माता काली के तीन स्वरूपों की सुंदर झांकी प्रस्तुत की, जबकि वृंदावन से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य और फूलों की होली की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं की खूब वाहवाही बटोरी। जगमगाती लेजर लाइटों के बीच महाआरती सेवा समिति द्वारा भव्य महाआरती भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के महानगर प्रचारक धर्मेंद्र जी प्रेमी रहे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को पुरस्कृत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “राजेन्द्र नगर के राजा” का यह आयोजन अब बरेली की एक विशेष पहचान बन चुका है।
रात्रि लगभग एक बजे तक शील चौराहा श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तगण गणपति बप्पा के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बनाए रहे।
समिति के संयोजक अभय सिंह भटनागर ने बताया कि महोत्सव के चौथे दिन 17 सितंबर को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नई दिल्ली से आने वाले अंतरराष्ट्रीय भजन गायक प्रेम मेहरा (अघोरी शंभू फेम) द्वारा “एक शाम गणपति के नाम” भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
0 Response to "गणपति महोत्सव के तीसरे दिन राधा-कृष्ण संग होली की प्रस्तुति ने मचाई धूम, देर रात तक उमड़े श्रद्धालु"
एक टिप्पणी भेजें