-->
Bareilly: नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का आधार : जिलाधिकारी

Bareilly: नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का आधार : जिलाधिकारी



बरेली रूबरू बरेली। भारत सरकार के "नशा मुक्त भारत अभियान" एवं मिशन स्पंदन के अंतर्गत, ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में "10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। 


सिविल लाइन्स स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केन्द्र पर हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अविनाश सिंह, पूर्व डीआईजी उत्तर प्रदेश पुलिस विकास वैध, मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष वीनू सिन्हा, मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सक्सेना, मानव संसाधन नशा उन्मूलन केंद्र के संचालक श्री विनय पटेल, ए. एन. ए. मैनेजमेंट कॉलेज के चेयरमैन संजय आनंद सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं युवाओं ने सहभागिता की।


इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी नीता दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्था अपने 90 वर्ष पूर्ण कर चुकी है। वर्तमान में संस्था विश्व के 140 देशों में 8 हजार 500 से अधिक सेवा केन्द्रों के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुँचा रही है। उन्होंने बताया कि संस्था के 23 प्रभाग (विंग्स) समाज के विभिन्न वर्गों तक अपनी सेवाओं के माध्यम से आध्यात्मिकता का संचार कर लोगों के जीवन को सुंदर, श्रेष्ठ एवं मूल्यनिष्ठ बनाने का कार्य कर रहे हैं।


संस्था की क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी पार्वती दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिकता का समावेश होना अत्यंत आवश्यक है। आध्यात्मिक सशक्तता ही हमें नशे सहित सभी बुराइयों से बचाने की शक्ति प्रदान करती है। 


उन्होंने कहा कि पहले स्वयं को आदर्श बनाना होगा। संसार के सभी प्रकार के नशे अंततः दुःख देने वाले हैं, जबकि ईश्वर की याद एवं राजयोग का आध्यात्मिक (नारायणी) नशा ही वास्तविक सुख, शांति और आनंद प्रदान करता है।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे "10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" की सराहना करते हुए इस राष्ट्रीय लक्ष्य की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। जिलाधिकार ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की उन्नति को प्रभावित करता है। 


विशेष रूप से युवाओं को नशे जैसी बुराई से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवा वर्ग जागरूकता, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संस्कारों के साथ आगे बढ़ेगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। अविनाश सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने अभी 2 अगस्त को युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने ऐसे लोगों को सर्टिफिकेट प्रदान किए जिन्होंने संस्था से जुड़ने के बाद नशा छोड़ा।


इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी पारूल दीदी द्वारा सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई गई। साथ ही एक प्रेरक लघु नाटिका के माध्यम से नशे एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का प्रभावशाली संदेश दिया गया।रजनी दीदी ने सभी को राजयोग ( Meditation) कराया एवं कार्यक्रम का सफल संचालन किया।


अभियान की आगामी रूपरेखा साझा करते हुए आयोजकों ने बताया कि बरेली जनपद में 6 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक लगभग 30 विद्यालयों, महाविद्यालयों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं नशा मुक्ति केन्द्रों पर जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। इन सभी कार्यक्रमों की पूर्व रूपरेखा तैयार कर ली गई है। 


कई दिनों में एक ही दिन विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम होने के कारण दो से तीन टीमों का गठन किया गया है, ताकि प्रत्येक स्थान पर निर्धारित समयानुसार कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा से जोड़कर स्वस्थ, संस्कारित एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। निर्भय सक्सेना


0 Response to "Bareilly: नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का आधार : जिलाधिकारी"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article