बरेली में अखिल भारतीय प्रियंका गांधी संगठन का सद्भावना शिविर, होली पर दिया एकता का संदेश
बरेली रूबरू बरेली, प्रेम और सौहार्द के प्रतीक भारतीय पर्व होली के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय प्रियंका गांधी संगठन की जिला एवं महानगर इकाई, बरेली के तत्वावधान में सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गुलाबराय इंटर कॉलेज (बेग हॉस्पिटल के निकट) स्थित बाबू खान मार्केट में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस संगठन के अनेक पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने रंगोत्सव के पावन अवसर पर एक-दूसरे से गले मिलकर होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया। शिविर में बरेली शहर के गणमान्य नागरिकों, राजनीतिज्ञों और समाजसेवियों ने भी पहुंचकर संगठन पदाधिकारियों से मुलाकात की और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर बोलते हुए अखिल भारतीय प्रियंका गांधी संगठन के यूपी राज्य प्रदेश अध्यक्ष (मुख्य निकाय) डॉ. सर्वत हुसैन हाशमी ने बरेली की जनता को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का त्योहार सदियों से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता को सशक्त बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाता आया है।
उन्होंने कहा कि बरेली गंगा-जमुनी तहजीब का अद्भुत संगम है, जो नाथों की नगरी और आला हजरत की नगरी के रूप में एकता, भाईचारे और मोहब्बत का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मुख्य उद्देश्य कौमी एकता और भाईचारे को मजबूत करना है। होली का पावन पर्व उन सांप्रदायिक शक्तियों पर भी प्रहार है जो देश में नफरत का माहौल बनाने का प्रयास करती हैं। यह त्योहार उनके मंसूबों को नाकाम कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है।
जिला अध्यक्ष अब्दुल हसीन ने कहा कि रंगोत्सव हमें प्रेम और भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा देता है। हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि इस विरासत को और मजबूत किया जाए, ताकि देश की एकता को कमजोर करने वाली ताकतों को परास्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गंगा-जमुनी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव इंजीनियर हाजी नजमुल इस्लाम, यूपी प्रवक्ता एवं बरेली मंडल कोऑर्डिनेटर राजेंद्र सागर, आ स पा के प्रदेश उपाध्यक्ष अच्छन अंसारी एडवोकेट, जिला संगठन मंत्री तबस्सुम खान, जिला प्रभारी निशा खान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिव गोपाल उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष अश्वनील शर्मा, महिला विंग महानगर अध्यक्ष शबनम मलिक, जिला वर्किंग प्रेसिडेंट रितु पाठक, अल्पसंख्यक विंग महानगर अध्यक्ष मुन्ने अंसारी, जिला संगठन मंत्री यासीन कुरैशी, मोहम्मद शोएब, विजय कुमार गुप्ता सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
— रिपोर्ट
0 Response to "बरेली में अखिल भारतीय प्रियंका गांधी संगठन का सद्भावना शिविर, होली पर दिया एकता का संदेश"
एक टिप्पणी भेजें