महिलाओं में बढ़ते कैंसर और गंभीर रोगों पर जागरूकता की मुहिम, राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ने कैंसर विशेषज्ञ से की चर्चा
बरेली रूबरू बरेली। महिलाओं में तेजी से बढ़ रही गंभीर बीमारियों जैसे स्तन कैंसर, बच्चेदानी (यूट्रस) कैंसर, लिकोरिया और बच्चेदानी में गांठ (सिस्ट) जैसी समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट (रजिस्टर्ड भारत) लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है।
इसी क्रम में संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने अपनी टीम के साथ पीलीभीत बाईपास स्थित होटल कैसा डिवाइन में नई दिल्ली के मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज की कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनु वालिया से मुलाकात कर महिलाओं में फैल रही गंभीर बीमारियों और उनके उपचार पर विस्तृत चर्चा की।
डॉ. मीनु वालिया ने बताया कि स्तन कैंसर (ब्रेस्ट कैंसर) महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसरों में से एक है, जो स्तन की कोशिकाओं के अनियंत्रित रूप से बढ़ने के कारण होता है। यह अक्सर दूध की नलिकाओं या ग्रंथियों से शुरू होता है। उन्होंने कहा कि यदि शुरुआती अवस्था में इसकी पहचान हो जाए तो इसका सफल इलाज संभव है और मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकती है।
उन्होंने बच्चेदानी (यूट्रस) कैंसर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह महिलाओं के प्रजनन अंगों से जुड़ी गंभीर बीमारी है।
इसके प्रमुख लक्षणों में रजोनिवृत्ति (मेनोपॉज) के बाद रक्तस्राव होना, पीरियड्स के बीच अत्यधिक ब्लीडिंग, पेट के निचले हिस्से में दर्द और दबाव महसूस होना शामिल हैं।
समय रहते जांच और उपचार से इस बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।
डॉ. वालिया ने बताया कि बच्चेदानी में गांठ (फाइब्रॉइड या सिस्ट) का उपचार उसके आकार, प्रकार और स्थिति पर निर्भर करता है। आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, अल्ट्रासाउंड जांच, दवाओं, इंजेक्शन, हार्मोनल थेरेपी और आवश्यकता पड़ने पर सर्जरी के माध्यम से इन बीमारियों का प्रभावी उपचार संभव है।
राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने कहा कि संस्थान महिलाओं को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने और समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करने का कार्य लगातार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मुलाकात के दौरान संस्थान की ओर से डॉ. मीनु वालिया का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता, अंजू शुक्ला, अंजू भारद्वाज, डॉ. कुलदीप, शैलेंद्र कुमार गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
0 Response to "महिलाओं में बढ़ते कैंसर और गंभीर रोगों पर जागरूकता की मुहिम, राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ने कैंसर विशेषज्ञ से की चर्चा"
एक टिप्पणी भेजें