विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मजदूरों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ, फल-शरबत वितरित
बरेली रूबरू बरेली। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट (रजिस्टर्ड भारत) द्वारा चौपुल रेलवे इंस्टीट्यूट बरेली के निर्माण स्थल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान मजदूरों को फल, शरबत और कोल्ड ड्रिंक वितरित कर तंबाकू एवं अन्य नशों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने कहा कि 31 मई को विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को तंबाकू और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि तंबाकू, गुटखा, पान मसाला और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति को मुंह के कैंसर, फेफड़ों के संक्रमण, सांस संबंधी रोगों तथा अन्य गंभीर बीमारियों की ओर धकेल देता है।
इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है, जिससे आर्थिक और सामाजिक संकट भी उत्पन्न होता है।
राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने कहा कि नशा किसी भी प्रकार का हो, वह अंततः विनाश का कारण बनता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी तंबाकू कंपनियां अपने व्यावसायिक हितों के लिए भ्रामक प्रचार के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवाओं और मजदूर वर्ग को नशे की ओर आकर्षित कर रही हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन पूरी तरह छोड़ दें।
कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारियों ने उपस्थित मजदूरों को तंबाकू निषेध एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प कराया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता, राकेश कुमार मौर्य, कोषाध्यक्ष दामोदर सिंह, सदस्य रामकिशोर, संरक्षक जे.आर. गुप्ता, अंजू शुक्ला, सुनीता, संजू ठाकुर सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।
0 Response to "विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मजदूरों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ, फल-शरबत वितरित"
एक टिप्पणी भेजें