200 से ज्यादा मरीजों को मिला लाभ, भगवान पार्श्वनाथ स्वास्थ्य महाशिविर का भव्य शुभारंभ
बरेली रूबरू बरेली। जैन समाज की अग्रणी संस्था श्री महावीर निर्वाण समिति द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित "भगवान पार्श्वनाथ निःशुल्क स्थायी स्वास्थ्य महाशिविर" का रविवार को भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि व्यवसायी राजेंद्र कुमार जैन एवं श्रीमती कुसुमलता जैन ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने मानव कल्याण के लिए किए जा रहे इस नि:स्वार्थ सेवा कार्य की सराहना करते हुए समिति के प्रयासों की प्रशंसा की।
जैन समाज के मीडिया प्रभारी एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री सौरभ जैन ने बताया कि भगवान पार्श्वनाथ की करुणा से प्रेरित इस महाशिविर का ध्येय वाक्य "करुणा की भावना लाएं, सबको स्वस्थ और सुखी बनाएं" है। वहीं शिविर के संयोजक अधिवक्ता सत्येंद्र कुमार जैन ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी का ‘जीओ और जीने दो’ का सिद्धांत तथा सभी प्राणियों के प्रति करुणा, प्रेम और सेवा की भावना ही समाज को खुशहाल बना सकती है।
महाशिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। हृदय रोग, अस्थि रोग, न्यूरोलॉजी, चेस्ट, त्वचा रोग, बाल रोग, सर्जरी, ईएनटी, दंत रोग, नेत्र रोग, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विशेषज्ञों ने मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया। साथ ही ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, ऑक्सीजन, बीएमडी और पीएफटी जैसी जांचें भी पूरी तरह निःशुल्क की गईं।
शिविर के दौरान रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी जांचों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की गई। मरीजों को आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं तथा पेटेंट दवाओं पर 25 प्रतिशत और जेनेरिक दवाओं पर 50 प्रतिशत की छूट दी गई। इसके अलावा फेको विधि से मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन संबंधी जानकारी भी लोगों को उपलब्ध कराई गई।
महाशिविर में 200 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। हृदय, अस्थि, त्वचा, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विभागों में सबसे अधिक मरीज पहुंचे।
शिविर की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में समिति के अनेक पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी सेवाभावी चिकित्सकों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया गया।
समिति ने जानकारी दी कि अगला स्वास्थ्य महाशिविर 28 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसमें भी मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
0 Response to "200 से ज्यादा मरीजों को मिला लाभ, भगवान पार्श्वनाथ स्वास्थ्य महाशिविर का भव्य शुभारंभ"
एक टिप्पणी भेजें