-->
Bareilly News: राष्ट्रीय व्यापारिक कल्याण बोर्ड का गठन ही समस्या का निदान करने को हुआ

Bareilly News: राष्ट्रीय व्यापारिक कल्याण बोर्ड का गठन ही समस्या का निदान करने को हुआ


बरेली रूबरू बरेली। राष्ट्रीय व्यापारिक कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील जे सिंघी ने कहा कि देश भर के एम एस एम ई से जुड़े लघु उद्यमियों, व्यापारियों की वास्तविक समस्या के निदान के लिए ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपरोक्त बोर्ड का गठन किया है ताकि उनकी समस्या को हल निकले।
इसी कारण जीएसटी दरों में हर बार संशोधन भी होता रहता है। उन्होंने व्यापारियों से भी टैक्स नहीं देने वाले कुछ लोगों को चिन्हित कर उन्हें भी टैक्स दायरे में लाने के प्रयास करने को कहा।आई एम ए हाल में उद्योग संगठनों की और से राष्ट्रीय व्यापारिक कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील जे सिंघी, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, दिनेश गोयल, उद्योग व्यापार मंडल के मुकुंद मिश्रा, सुनील पांडे को शाल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।

आई एम ए हाल में व्यापारिक कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील जे सिंघी ने उद्यमियों के संगठनों, व्यापारियों द्वारा काफी मंथन के बाद तैयार कर दिए मांग पत्र पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आपके जिले से आठ बार के सांसद एवं वित्त राज्य मंत्री रहे मेरे बड़े भाई को तो आपने कभी इतनी समस्या नहीं बताई। 

मुझे खुशी है कि इन समस्याओं के निदान के लिए हम सब मिलकर हल निकालने का प्रयास करेंगे। आपके जिले से बोर्ड के सदस्य राजेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं सुनील पांडे को साथ लेकर हम इस सब पर अधिकारियों के साथ मिलकर वार्ता भी करेंगे। हम तो रात भर बैठ कर तीसरे दिन भी आपकी समस्या सुनने को तैयार है। दो दिवसीय प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के मंथन कार्यक्रम में बरेली आए थे।

कार्यक्रम के दूसरे दिन उन्होंने देश के प्रसिद्ध उद्यमी घनश्याम खंडेलवाल की बी एल एग्रो की गोवंश परियोजना का भ्रमण का भ्रमण किया। उसे देखकर उसकी प्रशंसा भी की। 


सायं सत्र में आई एम ए हाल में लघु उद्यमियों, उनके संगठन, व्यापारियों की समस्या को सुना। आई आई ए के मयूर धीरवानी ने आयकर की कुछ धाराओं वाले जटिल नियमों में संशोधन करने नए श्रम कानूनों में ढील बरतने, सी ए कपिल वैश्य ने जी एस टी की कुछ धाराओं में व्यापारियों को होने वाली जमापूंजी की समस्याओं, अनावश्यक रूप से तैयार माल को महीने से अधिक सीज करने से जमापूंजी फंसने, अभिनव अग्रवाल एवं आशुतोष शर्मा ने लघु उद्यमियों की अधिकारियों के कानूनी पेंच फंसाने जैसी समस्याओं पर प्रकाश डाला। 


विमल रेवाड़ी ने इंडस्ट्रियल प्लाट के खरीद पर कानूनी अड़चनों के बेमतलब सामने लाने, आई एम ए के स्टेट प्रेसिडेंट रवीश कुमार ने छोटे हॉस्पिटल की समस्या उठाई साथ ही कहा कि आयुष्मान कार्ड का करोड़ों रुपए का भुगतान सरकार के पास लंबित पड़ा है। 


राजेश शर्मा ने छोटे होटल के उद्यमी की बात जोरदार ढंग से रखी। कई उद्यमियों ने नए लेबर कानून से होने वाली समस्या रखी। आई आई ए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा उद्यमियों के टैक्स देने के बाद भी उन्हें सम्मान कम ही मिलता है। बल्कि अधिकारी उन्हें संदेह की दृष्टि से भी देखते हैं। 


उद्यमी घनश्याम खंडेलवाल ने कहा जरा सी गलती पर उद्यमियों पर कानूनी शिकंजा भी कस जाता है या उनका उत्पीड़न होता है। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य सुनील पांडे ने भी विचार व्यक्त किए।

संचालन घनश्याम खंडेलवाल एवं नीरज सक्सेना ने, आभार एस के सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर रोटरी गवर्नर राजन विद्यार्थी, अंकित अग्रवाल, डॉ केशव अग्रवाल, विनोद पागरानी, अंकुर सक्सेना, राजेश जसोरिया, दुर्गेश खटवानी, मनमोहन सब्बरवाल, मूना जी, वी पी खंडेलवाल, मनीष शर्मा, मुकुल कुमार आदि उपस्थित रहे। निर्भय सक्सेना

0 Response to "Bareilly News: राष्ट्रीय व्यापारिक कल्याण बोर्ड का गठन ही समस्या का निदान करने को हुआ"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article