ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस ने खालिद लतीफ एडवोकेट को बनाया कानूनी सलाहकार
रहबर अंसारी
बरेली रूबरू लखनऊ/आजमगढ़। ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी ने संगठन विस्तार अभियान के तहत वरिष्ठ अधिवक्ता खालिद लतीफ एडवोकेट को पार्टी का कानूनी सलाहकार नियुक्त किया है।
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद द्वारा प्रदेश संगठन मंत्री मुख्तार अहमद की संस्तुति पर की गई है।
खालिद लतीफ एडवोकेट जनपद आजमगढ़ के फूलपुर तहसील क्षेत्र स्थित ग्राम मकसूदिया के निवासी हैं और लंबे समय से न्यायिक तथा सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनकी विधिक विशेषज्ञता और सामाजिक कार्यों में सहभागिता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट वसी अहमद ने कहा कि पार्टी समाज के कमजोर, वंचित, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि संगठन को कानूनी मामलों में मजबूत बनाने के लिए अनुभवी विधि विशेषज्ञों की आवश्यकता है। उनके अनुसार खालिद लतीफ का कानूनी क्षेत्र में लंबा अनुभव संगठन और समाज दोनों के लिए उपयोगी साबित होगा।
प्रदेश संगठन मंत्री मुख्तार अहमद ने कहा कि पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने और समाज के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खालिद लतीफ की कानूनी समझ और सामाजिक अनुभव संगठन को नई दिशा देने में सहायक होंगे।
नवनियुक्त कानूनी सलाहकार खालिद लतीफ एडवोकेट ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों पर संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि इससे संगठन को कानूनी मामलों में और अधिक मजबूती मिलेगी।
0 Response to "ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस ने खालिद लतीफ एडवोकेट को बनाया कानूनी सलाहकार"
एक टिप्पणी भेजें