-->
दस दिवसीय गणपति महोत्सव कल से शुरू, शील चौराहा पर स्थापित होगी 8 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा

दस दिवसीय गणपति महोत्सव कल से शुरू, शील चौराहा पर स्थापित होगी 8 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा

बरेली रूबरू बरेली। गणेश महोत्सव आयोजन कमेटी (रजि.) की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वीर छत्रपति शिवाजी चौक (शील चौराहा), राजेंद्र नगर में दस दिवसीय विशाल गणपति महोत्सव का आयोजन 14 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ सोमवार, 14 सितंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा।

कमेटी के अध्यक्ष अभय सिंह भटनागर ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन शाम 6 बजे नीलकंठ मंदिर, इंद्रानगर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में भगवान गणपति के स्वरूप के साथ महिलाएं भजन-कीर्तन करती हुईं बैंड-बाजों के साथ कार्यक्रम स्थल शील चौराहा पहुंचेंगी। 


यहां 8 फीट ऊंची भगवान गणपति की प्रतिमा की स्थापना एवं विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुख्य संरक्षक अनिल कुमार एडवोकेट कलश यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।


15 सितंबर को युवा वर्ग द्वारा लड्डू यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें करीब 30 सांस्कृतिक समूहों के लगभग 250 बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर डॉ. उमेश गौतम होंगे।


16 सितंबर को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अद्भुत काली झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा। वृंदावन से आए कलाकार मयूर नृत्य और फूलों की होली की प्रस्तुति देंगे। वहीं महाआरती सेवा समिति द्वारा लेजर लाइटों के बीच भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

17 सितंबर को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद नई दिल्ली से पधार रहे अंतरराष्ट्रीय भजन गायक प्रेम मेहरा (अघोरी शंभू फेम) द्वारा “एक शाम गणपति के नाम” भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार मुख्य अतिथि रहेंगे।


महोत्सव के दौरान 18 सितंबर से 25 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से 9 बजे तक गणपति मंदिर में भजन संध्या का आयोजन होगा।


20 सितंबर को भगवान गणपति की प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें स्कूली छात्र बैंड-बाजों, झांकियों तथा महिला समूहों के भजन-कीर्तन के साथ शामिल होंगे। इसके बाद रामगंगा नदी में गणपति प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा दही-हांडी फोड़कर उत्सव को और भी भव्य बनाया जाएगा।
कमेटी के अध्यक्ष अभय सिंह भटनागर ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गणपति महोत्सव में सहभागिता करने की अपील की है।



0 Response to "दस दिवसीय गणपति महोत्सव कल से शुरू, शील चौराहा पर स्थापित होगी 8 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article