बरेली विकास प्राधिकरण के ग्रेटर बरेली आवासीय योजना को मिली नई गति। नए सेक्टर में आवास का सपना होगा साकार, जल्द ही खुलेगा पंजीकरण
बरेली रूबरू बरेली। मुख्यमंत्री के शहरी विस्तारीकरण के विजन के अनुरूप विकसित की जा रही बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की बरेली ग्रेटर आवासीय योजना को अब बड़ी गति मिली है। आवासीय योजना के सेक्टर- 5 का नया रेरा पंजीकरण जारी हो गया है। लगभग 2 वर्ष से लंबित इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के पूरा होने से अब बरेली ग्रेटर सेक्टर- 5 के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीडीए जल्द ही नागरिकों के लिए इस नए सेक्टर में आवासीय भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर सकेगा।
नागरिकों को नए आवासीय क्षेत्र में अपना घर बनाने का अवसर मिलेगा और ग्रेटर बरेली के नियोजित विस्तार को भी नई गति मिलेगी।
रजिस्ट्रेशन 31 दिसंबर 2024 को जारी हुआ था। इसके बाद परियोजना से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय प्रक्रियाओं में अनेक बिंदु लंबित हो गए थे। इसके चलते परियोजना अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पा रही थी।
बरेली विकास प्राधिकरण बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के कार्यभार संभालने के बाद पिछले लगभग ढाई माह में इस परियोजना को विशेष प्राथमिकता दी गई। उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने स्वयं प्रकरण की स्थिति की समीक्षा की और लंबित बिंदुओं को चिन्हित कराकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं पूरी टीम को सक्रिय किया।
रेरा रजिस्ट्रेशन के लिए आवश्यक दस्तावेजों और परियोजना से संबंधित विवरणों को रेरा रजिस्ट्रेशन की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कराने से लेकर विभिन्न स्तरों पर समन्वय तक, पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की गई।
इस आवासीय परियोजना से जुड़े वित्तीय एवं प्रशासनिक अवरोधों को दूर करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। जिन बिंदुओं के कारण आगे की कार्रवाई प्रभावित हो रही थी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लिया गया और संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय एवं फॉलो- अप के माध्यम से समाधान की दिशा में कार्य किया गया।
इस पूरी प्रक्रिया में उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय की व्यक्तिगत पहल, नियमित समीक्षा और प्रत्यक्ष निगरानी महत्वपूर्ण रही। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने स्वयं परियोजना की प्रगति की लगातार समीक्षा की और जहां भी कोई प्रक्रिया लंबित मिली, वहां संबंधित अधिकारियों एवं टीम के साथ समन्वय कर उसे आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
परिणाम स्वरूप पिछले ढाई माह में लंबे समय से अटकी प्रक्रिया को अब गति मिली और अब सेक्टर- 5 का नया रेरा रजिस्ट्रेशन जारी हो सका है। रेरा पंजीकरण जारी होने के बाद अब ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के सेक्टर-5 के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज की जा सकेगी। आगामी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही इस सेक्टर में नागरिकों के लिए पंजीकरण खोले जाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे बरेली के नागरिकों को एक नए, नियोजित और विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्र में अपना घर बनाने के लिए नया विकल्प उपलब्ध होगा।
ग्रेटर बरेली आवासीय योजना इसी व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है। योजना के विस्तार से बरेली के सुनियोजित शहरी विकास और भविष्य की आवासीय आवश्यकताओं को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा “ग्रेटर बरेली आवासीय योजना मुख्यमंत्री जी के शहरी विस्तारीकरण के विजन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। आवासीय सेक्टर-5 के रेरा पंजीकरण से जुड़े जो भी प्रशासनिक, तकनीकी और वित्तीय विषय लंबित थे, उन्हें हमारी पूरी टीम ने प्राथमिकता के साथ लिया। पिछले ढाई माह में इस प्रकरण की लगातार समीक्षा की गई और रेरा की आवश्यकताओं के अनुरूप दस्तावेज एवं अन्य प्रक्रियाएं पूरी कराई गईं।
लगभग 2 वर्ष से लंबित प्रक्रिया का आगे बढ़ना ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है। पिछले ढाई माह में उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय की व्यक्तिगत रुचि के कारण अब सेक्टर-5 के रूप में नागरिकों के सामने एक नया आवासीय विकल्प तैयार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठ चुका है। निर्भय सक्सेना
0 Response to "बरेली विकास प्राधिकरण के ग्रेटर बरेली आवासीय योजना को मिली नई गति। नए सेक्टर में आवास का सपना होगा साकार, जल्द ही खुलेगा पंजीकरण "
एक टिप्पणी भेजें