जवान, किसान और विज्ञान को मिला सम्मान, अवनी और शुभांशु की प्रतिमाओं का अनावरण
बरेली रूबरू बरेली। शहर के सौंदर्यीकरण के साथ सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय चेतना को नई पहचान देने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है। पटेल चौक पर स्थापित विभिन्न प्रतिमाओं का महापौर डॉ. उमेश गौतम ने विधिवत अनावरण किया। महापौर डॉ उमेश गौतम ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रतिमाओं को राष्ट्र को समर्पित किया।
पटेल चौक पर विकसित किया गया नया स्वरूप केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है बल्कि इसके माध्यम से देश की सैन्य शक्ति, किसानों के योगदान और विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को सम्मान दिया गया है। पटेल चौक पर स्थापित प्रतिमाएं जवानों के साहस, अन्नदाताओं के परिश्रम और वैज्ञानिक उपलब्धियों का संदेश दे रही हैं।
इस पटेल चौक का प्रमुख आकर्षण भारतीय वायुसेना की पहली महिला फाइटर पायलट अवनी चतुर्वेदी और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा करने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की प्रतिमाएं हैं। इनके माध्यम से देश की बेटियों की क्षमता, युवाओं के सपनों और भारत की बढ़ती वैज्ञानिक शक्ति को प्रदर्शित किया गया है।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, विचारधारा और आने वाली पीढ़ियों को मिलने वाली प्रेरणा से बनती है। पटेल चौक पर स्थापित प्रतिमाएं राष्ट्र के तीन महत्वपूर्ण आधारों जवान, किसान और विज्ञान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक हैं।
नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को ऐसा स्वरूप दिया जाए, जो सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच का संचार करे।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य बरेली को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के साथ उसकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय पहचान को भी मजबूत करना है। शहर के चौराहों, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का योजनाबद्ध विकास इसी संकल्प का हिस्सा है।
महापौर ने कहा कि पटेल चौक पर स्थापित प्रतिमाओं के माध्यम से विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में विभिन्न क्षेत्रों के योगदान की जानकारी मिलेगी। जवान सीमाओं की रक्षा करते हैं, किसान देश का पेट भरते हैं और वैज्ञानिक भारत को भविष्य की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। निर्भय सक्सेना
0 Response to "जवान, किसान और विज्ञान को मिला सम्मान, अवनी और शुभांशु की प्रतिमाओं का अनावरण"
एक टिप्पणी भेजें