Bareilly News: सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती पर हुए सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रम रन फॉर यूनिटी पदयात्रा में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण।
बरेली रूबरू बरेली। देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय भावना के प्रबल प्रतीक लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल जी की 150वी जयंती पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम हुए । 31 अक्टूबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के के रूप में प्रातः 09 बजे से ‘‘सरदार@150 रन फॉर यूनिटी /पदयात्रा‘‘ का पटेल चौक से शुभारंभ होकर चौकी चौराहा होते हुई बरेली कॉलेज प्रांगण में समाप्त हुई।
जिसमें जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण शामिल हुए।
बरेली कॉलेज के प्रांगण में प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं पर्यावरण डॉ अरुण कुमार, विधायक कैण्ट संजीव अग्रवाल, सदस्य विधान परिषद कुंवर महाराज सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा पौधारोपण किया गया।
तदोपरांत जनप्रतिनिधिगण द्वारा कार्यक्रम स्थल में वोकल पर लोकल के तहत स्वदेशी मेले में लगी हुई स्टालों का उद्घाटन कर अवलोकन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित एवं सरदार पटेल की प्रतिमा पर मालार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर स्कूली छात्र/छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ अरुण कुमार ने अपने उद्बोधन में सरदार पटेल के जीवन पर प्रकाश डाला और कहा कि सरदार पटेल ने वो काम किया है जो सदियां याद करेंगी।
हिंदुस्तान का आज जो नक्शा है वो सरदार पटेल जी की दूरदर्शिता की ही देन है। जब देश आजाद हुआ तो एक ऐसी परस्थिति उजागर हुई, जिसमें 565 रियासतें थी जो भारत या पाकिस्तान में शामिल हो सकती थी। या स्वतंत्र रह सकती थी। इस प्रकार भारत एक खंडित भारत बनता जिसकी वो शक्ति नहीं रहती जो आज है।
किंतु सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और कार्यशैली के कारण सबको एक कर दिया। भारत को एक कर दिया। उन्होंने कहा कि आज हमें लोकल फॉर वोकल एवं लोकल फॉर ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर विधायक संजीव अग्रवाल ने लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के साथ ही बरेली में भी रन फॉर यूनिटी पदयात्रा और भव्य कार्यक्रमों हुए। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष जो अखंड भारत की आत्मा है,
आजादी के बाद भारत को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। आजादी के समय अंग्रेज खंडित विखंडित भारत हम लोगों को सौंपना चाहते थे लेकिन तत्कालीन उपप्रधानमंत्री और लौह पुरुष ने सभी राजघरानों को भारत में शामिल करते हुए भारत को अखंड भारत का स्वरूप प्रदान किया।
आज भारत आत्मनिर्भर, एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को सिद्ध करता हुआ विश्व में अपनी अखंड भारत की पहचान बनाता हुआ विश्व गुरु के रूप में उभर रहा है। विश्व में अपनी समृद्धि और शांति के साथ एक नई पहचान बनाते हुए आर्थिक शक्ति के रूप में भी आगे आ रहा है और विकसित राष्ट्र की तरफ बढ़ता हुआ भारत अपना मार्ग प्रशस्त कर रहा है।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि आज लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्य आज पूरा देश कर रहा है।
हम लोगों को उनके द्वारा देश को अखंड रूप प्रदान किए जाने व अन्य कार्यों को याद करने का दिन है। राष्ट्र को एकजुट करने में सरदार पटेल का अमूल्य योगदान था।
इसके साथ ही कार्यक्रम में मौजूद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अखंड भारत का निर्माण करने वाले लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पूरे कृतज्ञ राष्ट्र और जनपद की तरफ से शत शत नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।
उन्होंने कहा कि हमें एक भारत को श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत बनाने हेतु एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज रन फॉर यूनिटी के मौके पर आप सभी लोग यहां आए और देश की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार बल्लभभाई पटेल जी के जयंती के मौके पर सम्मिलित होने पर आप सभी को धन्यवाद देता हूं।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में आज कुछ किलोमीटर की दूरी पर भाषा और संस्कृति बदल जाती है और इस अनेकता को एकता के रूप में पिरोने में सरदार बल्लभभाई पटेल जी का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम भौगोलिक रूप में एक हो चुकने के उपरांत, मानसिक रूप और दिली रूप से भी एक हो पाएंगे।
हम लोगों में अभी तमाम वाद जैसे जातिवाद, धर्मवाद, क्षेत्रवाद, भाषावाद आदि व्याप्त है। हमको अपने बीच से इन विसंगतियों को हटाना है और राष्ट्रवाद को ऊपर लाना है। हम लोगों को नेशन फर्स्ट की अवधारणा को सच्चे मन से अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी और माननीय मुख्यमंत्री जी ने 2047 तक अपने देश को पुनः एक बार विश्वगुरु की पदवी पर आसीन कराने, विकसित राष्ट्रों का सिरमौर बनाने की परिकल्पना तभी साकार होगी जब हम एकजुट होकर देश के बारे में सोचकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि आज हम सामाजिक और आर्थिक रूप से लगातार आगे बढ़ रहें हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद बरेली छत्रपाल गंगवार, विधायक नवाबगंज डॉ एम पी आर्य, विधायक मीरगंज डॉ डी सी वर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा बरेली सोमपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा महानगर अधीर सक्सेना, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारियों में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, उप निदेशक माई भारत पुष्पा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, एनसीसी कैडेट, युवक मंगल दल के सदस्य, भारत स्काउट के सदस्य, विभिन्न स्कूल के छात्र/छात्राएं और शिक्षकगण, गणमान्य नागरिक मौजूद रहें।
इसके साथ ही सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर सभी तहसीलों और विकास खण्डों पर भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गए। निर्भय सक्सेना
0 Response to "Bareilly News: सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती पर हुए सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रम रन फॉर यूनिटी पदयात्रा में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण।"
एक टिप्पणी भेजें