Bareilly News: राजकीय हाईस्कूल अलीनगर, भोजीपुरा में करियर मेले का हुआ भव्य आयोजन। सही मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के करियर का सपना होगा साकार।
बरेली रूबरू बरेली। यूनिसेफ एवं समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के अंतर्गत संचालित उत्तर प्रदेश करियर गाइडेंस फॉर स्टूडेंट्स कार्यक्रम के तहत राजकीय हाईस्कूल अलीनगर, भोजीपुरा (बरेली) में करियर मेले का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख भोजीपुरा योगेश कुमार पटेल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए, जिससे वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर उठा।
मेले में विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं और उन्हें हासिल करने के मार्गों की जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी एवं निजी नौकरियों की उपलब्धता, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कौशल विकास के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक अरुण कुमार (थाना भोजीपुरा), इंडियन बैंक प्रबंधक , शाखा पचदौरा कलां भोजीपुरा अश्विनी कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अरुण यादव, डॉ. रविंदर गंगवार, स्टाफ नर्स विनीता सिंह तथा नेत्र विशेषज्ञ डॉ. संदीप आर्य जैसे विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग बैंकिंग विभाग एवं चिकित्सा विभाग में करियर बनाने के संबंध में प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सही दिशा में सतत प्रयास और दृढ़ संकल्प से सफलता निश्चित मिलती है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. हरीशंकर गंगवार, चेयरमैन सरदार वल्लभभाई पटेल डिग्री कॉलेज, भोजीपुरा ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के संबंध में बहुमूल्य सुझाव दिए। मुख्य अतिथि योगेश कुमार पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए लक्ष्य निर्धारण और योजनाबद्ध प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास एवं आवश्यक निर्माण कार्यों में सहयोग देने का भी आश्वासन दिया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न करियर विकल्पों पर आधारित मॉडल एवं चार्ट प्रदर्शनी के रूप में प्रस्तुत किए गए, जिनसे आगंतुकों को जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज दिवाकर ने कहा कि “सही दिशा में किया गया प्रयास ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।”
इस अवसर पर विद्यालय की सेवानिवृत्त शिक्षिका कमलेश कुमारी गंगवार, ग्राम प्रधान करम खान, बीडीसी सदस्य मोहम्मद अफजल खान, समस्त एसएमडीसी सदस्यगण तथा विद्यालय के शिक्षकगण अनामिका वर्मा एवं अमन अंसारी उपस्थित रहे। विद्यालय की कैरियर गाइडेंस नोडल शिक्षिका द्वारा विभिन्न लगभग 550 करियर विकल्पों के विषय में करियर कार्ड के माध्यम से बहुमूल्य जानकारी दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन जितेंद्र कुमार सिंह द्वारा किया गया।
0 Response to "Bareilly News: राजकीय हाईस्कूल अलीनगर, भोजीपुरा में करियर मेले का हुआ भव्य आयोजन। सही मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के करियर का सपना होगा साकार।"
एक टिप्पणी भेजें