प्रेम नगर में आज़ाद हिन्दू सेना महिला मोर्चा का होली मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित।
बरेली रूबरू बरेली। होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आज़ाद हिन्दू सेना महिला मोर्चा द्वारा भव्य होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मोना श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपसी भाईचारे व एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक माहौल के साथ हुई, जहां उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत और होली गीत गाकर वातावरण को रंगमय बना दिया। इसके बाद सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल और फूलों से होली की शुभकामनाएं दीं और गले मिलकर समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मोना श्रीवास्तव ने संगठन की पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया।
उन्होंने सभी महिला पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं और लड़कियों को जागरूक करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने आसपास की महिलाओं और बेटियों को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करें तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं।
साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन जल्द ही आज़ाद हिन्दू सेना महिला मोर्चा का सदस्यता अभियान शुरू करेगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ा जा सके और महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिला कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक होली व्यंजन पापड़ और गुजिया खाकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और होली की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर रानो शर्मा, पलक श्रीवास्तव, मोहिनी हिन्दू, गीता श्रीवास्तव, शिल्पी, सुजाता मिश्रा, निशा श्रीवास्तव, शिवांगी श्रीवास्तव, नीतू श्रीवास्तव, दीपा, रेनू शर्मा श्रीवास्तव, कशिश, रंजन श्रीवास्तव सहित दर्जनों महिला कार्यकर्ता एवं महिला सैनिक मौजूद रहीं।
0 Response to "प्रेम नगर में आज़ाद हिन्दू सेना महिला मोर्चा का होली मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित।"
एक टिप्पणी भेजें