Bareilly news: लापरवाही पर भारी पड़ रही जनता की परेशानी: वार्ड 23 में महीनों से दूषित पानी की सप्लाई
बरेली रूबरू बरेली। नगर निगम के जलकल विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
वार्ड संख्या 23, इंदिरा नगर स्थित केसर स्वीट्स के सामने, राजेंद्र नगर में पुराने टेलीफोन एक्सचेंज के पास लगी 8 इंच की सीमेंटेड पानी की लाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी है।
स्थानीय लोगों को मजबूरन गंदा और कम प्रेशर वाला पानी मिल रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्थानीय पार्षद सतीश मामा ने आरोप लगाया है कि जलकल विभाग के तथाकथित सुपरवाइजर शमशाद हुसैन को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
कई महीनों से शिकायतें होने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
पार्षद के अनुसार, “विकास सप्ताह” के दौरान भी उन्होंने खुद पहल करते हुए बिजली विभाग से समन्वय कर पावर हाउस से शटडाउन दिलवाया, ताकि पानी की लाइन को दुरुस्त किया जा सके।
इसके लिए पूरे दिन मौके पर मौजूद रहकर प्रयास किए गए, लेकिन संबंधित सुपरवाइजर की अनुपस्थिति और लापरवाही के कारण कार्य पूरा नहीं हो सका।
आज फिर से भीषण गर्मी के बीच सुबह 11 बजे से बिजली आपूर्ति बंद कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
मौके पर अवर अभियंता सुमित की देखरेख में वीरपाल, लाल और अरविंद खलासी द्वारा काम किया जा रहा है। पार्षद ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा, अन्यथा फिर से शटडाउन लेकर कार्य पूरा करना पड़ेगा।
इस पूरे मामले की जानकारी नगर आयुक्त और सहायक अभियंता अजीत सिंह को भी दे दी गई है। पार्षद ने साफ कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं, लेकिन विभागीय लापरवाही काम में बाधा बन रही है।
👉 सवाल यही है: आखिर कब तक जनता को गंदे पानी और लचर व्यवस्था का सामना करना पड़ेगा?
0 Response to "Bareilly news: लापरवाही पर भारी पड़ रही जनता की परेशानी: वार्ड 23 में महीनों से दूषित पानी की सप्लाई "
एक टिप्पणी भेजें