Bareilly news: बरेली में सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीएम, ओवरलोडिंग-बिना नंबर वाहनों पर चलेगा अभियान
बरेली रूबरू बरेली। बरेली में बढ़ते सड़क हादसों को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों, अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही गाड़ियों और बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और इन्हें रोकने के लिए हर स्तर पर सख्ती जरूरी है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने, खराब सड़कों की जल्द मरम्मत कराने और जरूरत वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम लोगों की जागरूकता भी जरूरी है।
इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, खासतौर पर युवाओं को यातायात नियमों की जानकारी दी जाए।
जिलाधिकारी ने टोल प्लाजा पर एंबुलेंस के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से अंकित कराने के निर्देश दिए, ताकि हादसे की स्थिति में घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।
वहीं ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतों पर भी डीएम ने गंभीर रुख अपनाते हुए जांच के आदेश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने अधिकारियों से खुद भी यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
0 Response to "Bareilly news: बरेली में सड़क सुरक्षा पर सख्त हुए डीएम, ओवरलोडिंग-बिना नंबर वाहनों पर चलेगा अभियान"
एक टिप्पणी भेजें