विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर मजदूरों को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प, बांटे गए कपड़े
बरेली रूबरू बरेली। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में राजेन्द्र नगर स्थित शिवाजी चौराहे पर जागरूकता एवं जनसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य मजदूर वर्ग को तम्बाकू, गुटखा, बीड़ी और सिगरेट जैसे नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद मजदूरों को तम्बाकू एवं अन्य नशे की वस्तुओं का सेवन न करने तथा पहले से सेवन कर रहे लोगों को इसे छोड़ने का संकल्प दिलाया गया।
मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा एवं मुकेश कुमार सक्सेना ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि तम्बाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है।
इसके लगातार उपयोग से फेफड़ों की गंभीर बीमारियां, हृदय रोग तथा कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से स्वयं भी नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि विश्व तम्बाकू निषेध दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रयास करना है। मजदूरों ने भी तम्बाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूरी बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मानव सेवा क्लब द्वारा सामाजिक सरोकार निभाते हुए सैकड़ों जरूरतमंद मजदूरों को कपड़ों का वितरण भी किया गया। कपड़े प्राप्त कर मजदूरों ने क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। इस दौरान अभय सिंह भटनागर, प्रकाश चंद्र सक्सेना, ब्रजेश सक्सेना, अनिल गुप्ता, सुनील शर्मा, अंकित अग्रवाल तथा वेद प्रकाश सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने समाज में नशामुक्ति और जनकल्याण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
0 Response to "विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर मजदूरों को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प, बांटे गए कपड़े"
एक टिप्पणी भेजें