Bareilly News: श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर लगी छबील, श्रद्धालुओं ने बांटा शर्बत
बरेली रूबरू बरेली। पांचवें सिख गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर श्रद्धा, सेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए छबील का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों, श्रद्धालुओं और आम लोगों को शीतल मीठा शर्बत वितरित किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य की लोगों ने सराहना की और गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने गुरु अर्जुन देव जी के महान बलिदान को याद करते हुए उनके बताए हुए सत्य, सेवा, त्याग और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और सेवा कार्य पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
आयोजनकर्ता इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से लगातार गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर छबील का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया था। उन्हीं की शिक्षाओं से प्रेरित होकर हर वर्ष यह सेवा कार्य किया जाता है ताकि समाज में आपसी सौहार्द और सेवा की भावना को बढ़ावा मिले।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का जीवन त्याग, धैर्य और मानव सेवा की अद्भुत मिसाल है। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। छबील के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ गुरु साहिब के संदेशों को भी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में इंद्रजीत सिंह, कुलजीत सिंह, नीतू कौर, मलकीत सिंह, सुरजीत सिंह, रिंकू, कोमल कौर, नेहा कौर और रीत सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गुरु अर्जुन देव जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
0 Response to "Bareilly News: श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर लगी छबील, श्रद्धालुओं ने बांटा शर्बत"
एक टिप्पणी भेजें