-->
बरेली में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, नीट परीक्षा, महंगाई और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे उठाए

बरेली में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, नीट परीक्षा, महंगाई और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे उठाए


बरेली रूबरू बरेली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को रामपुर गार्डन स्थित कांग्रेस कार्यालय में मंडलीय प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता गुरु जी डॉ. के.बी. त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. त्रिपाठी ने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं, युवाओं से जुड़े मुद्दों, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रही है।



उन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रही है।


प्रदेश प्रवक्ता ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के साथ बेरोजगारी एवं किसानों के मुद्दों पर भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने का कार्य कर रही है।


महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए कहा कि छात्रों की भागीदारी से बेहतर शिक्षा नीति तैयार किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा छात्रों से संवाद के प्रयासों का भी उल्लेख किया।


प्रेसवार्ता में पूर्व चेयरमैन इलियास अंसारी, जिला उपाध्यक्ष जिया उर रहमान, जिला महासचिव सुरेश दिवाकर, जिला उपाध्यक्ष रमेश चंद्र श्रीवास्तव, राजेंद्र सागर, इंजीनियर जीशान अफरीदी, डॉ. एम.एच. खान, कमरूद्दीन सैफी, देवेंद्र श्रीवास्तव, मोहम्मद यामीन, आजाद हुसैन सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


0 Response to "बरेली में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, नीट परीक्षा, महंगाई और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे उठाए"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article