बरेली को मिली बड़ी सौगात: शुरू हुआ UIDAI का अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र
बरेली रूबरू बरेली। बरेली और आसपास के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण का पहला आधार सेवा केंद्र बरेली में सुचारू रूप से संचालित हो गया है। यह केंद्र डी-115 ए, गुलमोहर पार्क, संकल्प हॉस्पिटल के निकट, के. के. हॉस्पिटल रोड, राजेंद्र नगर, बरेली पर स्थित है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण बरेली केंद्र इंचार्ज के अनुसार आधार सेवा केंद्र में आधार से संबंधित सभी सेवाएं पूर्ण रूप से उपलब्ध हैं। नागरिक यहां नया आधार बनवाने के साथ- साथ आधार में पता, मोबाइल नंबर, ई- मेल आईडी, फोटो तथा बायोमेट्रिक अपडेट करा सकते हैं। इसके अलावा नाम, जन्मतिथि और लिंग में संशोधन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह केंद्र नागरिकों को बेहतर और व्यवस्थित सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। केंद्र का संचालन पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर किया जा रहा है, जहां प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
प्रतिदिन लगभग 1500 आधार संबंधी आवेदनों के निस्तारण की क्षमता के साथ यह केंद्र लोगों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क की भी व्यवस्था की गई है।
बरेली केंद्र पर आधार से संबंधित सेवाओं के लिए केवल भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाता है, किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाता जिससे आमजन को पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुला रहता है। आधार सेवा केंद्र के खुलने का समय सुबह 09 बजे से शाम 05ः30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
नागरिक सुविधा के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की वेबसाइट http://Ask1.uidai.gov.in से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं, जिससे उन्हें लंबी प्रतीक्षा से बचने में मदद मिलेगी। यह केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए आधार सेवाओं का एक महत्वपूर्ण और सुविधा जनक केंद्र बनकर उभरा है। निर्भय सक्सेना
0 Response to "बरेली को मिली बड़ी सौगात: शुरू हुआ UIDAI का अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र"
एक टिप्पणी भेजें