108वें उर्स-ए-रज़वी को लेकर रेलवे से की गई विशेष व्यवस्था की मांग, डीआरएम से मिला जमात रज़ा-ए-मुस्तफा का प्रतिनिधिमंडल
बरेली रूबरू बरेली। आला हजरत इमाम अहमद रज़ा खां फाजिले बरेलवी के 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज हो गई हैं।
आगामी 6 से 8 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीनों के बरेली पहुंचने की संभावना को देखते हुए दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन से विशेष व्यवस्थाएं किए जाने की मांग उठाई है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान मियां के निर्देश पर उर्स कोर कमेटी के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मेहंदी हसन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बरेली मंडल की डीआरएम वीणा सिन्हा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने उर्स के दौरान बरेली के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने की मांग की।
डॉ. मेहंदी हसन ने बताया कि हर वर्ष मुंबई, अहमदाबाद, सूरत, जयपुर, इंदौर, भोपाल, नागपुर, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, पटना, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और कानपुर समेत देश के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में जायरीन रेल मार्ग से बरेली पहुंचते हैं। ऐसे में उर्स के दौरान विशेष ट्रेनों का संचालन और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि बरेली जंक्शन एवं ट्रेनों में आरएएफ और जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती, प्लेटफॉर्म पर स्वच्छ पेयजल, अतिरिक्त शौचालय, मेडिकल कैंप, लगातार अनाउंसमेंट और अस्थायी टिकट काउंटरों की व्यवस्था की जाए। साथ ही महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक कोच में विशेष निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
जमात रज़ा के पूर्व प्रवक्ता समरान खान ने कहा कि वर्तमान समय में रेल यात्राओं के दौरान सुरक्षा से जुड़े मामलों को देखते हुए जायरीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने रेलवे प्रशासन से उर्स के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल को रेलवे प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान यासीन खान, समरान खान, साकिब, हाफिज़ इकराम रज़ा खां, मोईन खान, कौसर अली, शमीम अहमद, अब्दुल्लाह रज़ा खां समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
0 Response to "108वें उर्स-ए-रज़वी को लेकर रेलवे से की गई विशेष व्यवस्था की मांग, डीआरएम से मिला जमात रज़ा-ए-मुस्तफा का प्रतिनिधिमंडल"
एक टिप्पणी भेजें