-->
विशेष बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल, वात्सल्य सेवा संस्थान को मिले 11 हजार रुपये

विशेष बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल, वात्सल्य सेवा संस्थान को मिले 11 हजार रुपये



बरेली रूबरू बरेली। समाज की मुख्यधारा से अलग अपनी विशेष दुनिया में जीवन यापन कर रहे अविकसित एवं मंदबुद्धि विशेष बच्चों की प्रतिभा और उत्साह का अनूठा संगम गुरुवार को स्टेडियम रोड स्थित रेजीडेंसी गार्डन के वात्सल्य सेवा संस्थान में देखने को मिला। 


गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से इन बच्चों ने अपनी कला का ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित अतिथि और दर्शक भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ समाज को उनके प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाना था।


कार्यक्रम का शुभारंभ मधु वर्मा द्वारा प्रस्तुत मां शारदे की वंदना से हुआ। इसके बाद अरुणा सिन्हा ने बच्चों को प्रार्थना कराई। विशेष बच्चों ने अपनी अनूठी शैली में ईश्वर की प्रार्थनाएं, भजन और गीत प्रस्तुत किए। उनकी मासूम अभिव्यक्तियों और सुरों ने माहौल को भावुक बना दिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।


संस्थान के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि विशेष बच्चे किसी भी दृष्टि से कम नहीं हैं। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। 

उन्होंने गीत-संगीत प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया।


कार्यक्रम में मुकेश सक्सेना और प्रकाश चंद्र ने भी अपनी प्रस्तुतियों से बच्चों में जोश और ऊर्जा का संचार किया। 

बच्चों ने उनके साथ गीत गाकर और ताल मिलाकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर सामाजिक संस्था मानव सेवा क्लब ने वात्सल्य सेवा संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए संस्थान को 11 हजार रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की। 


क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि विशेष बच्चों की देखभाल, शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।


कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश सक्सेना, सुरेश बाबू मिश्रा, इं. के.बी. अग्रवाल, गंगाराम पाल, सुनील कुमार शर्मा, इं. ए.एल. गुप्ता, अनिल सक्सेना, जितेन्द्र सक्सेना, कल्पना सक्सेना, इन्द्र देव त्रिवेदी, राम कुमार भारद्वाज, मंजूलता तथा बिपिन गर्ग सहित अनेक समाजसेवियों का विशेष सहयोग रहा।


कार्यक्रम के अंत में बच्चों को फल, मिठाई और उनकी पसंद की अन्य सामग्री वितरित की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। संस्थान की डायरेक्टर चेतना सक्सेना ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही विशेष बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। 


उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें समाज से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम का समापन बच्चों की मुस्कान और समाजसेवियों के सेवा-संकल्प के साथ हुआ, जिसने यह संदेश दिया कि विशेष बच्चों को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि सम्मान, अवसर और अपनापन देने की आवश्यकता है।


0 Response to "विशेष बच्चों की प्रतिभा ने जीता दिल, वात्सल्य सेवा संस्थान को मिले 11 हजार रुपये"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article