Bareilly News: नौकरी के नाम पर ठगी का जाल बिछाने वाला आरोपी गिरफ्तार।
बरेली रूबरू बरेली। थाना कोतवाली पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लोगों को सरकारी एवं निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे धनराशि वसूलता था।
पुलिस के अनुसार मिशन कंपाउंड, सिविल लाइन निवासी डार्विन डेविस ने 12 जनवरी 2026 को थाना कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अभियुक्त ने उन्हें और उनके भाई को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए ₹6.50 लाख की ठगी की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में थाना कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने वांछित अभियुक्त एडविन हरमन (62 वर्ष) निवासी सरपेनटायन मार्ग, बंगला नंबर-58, थाना कैंट, बरेली, हाल निवासी चौबे वाली गली, सिविल लाइन को गुरुवार को बरेली जंक्शन के पास स्थित पानी की टंकी के निकट से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे धनराशि प्राप्त करता था। ठगी से प्राप्त रकम का उपयोग वह अपने निजी शौक और व्यक्तिगत खर्चों को पूरा करने में करता था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता तथा हेड कांस्टेबल उग्रवीर शामिल रहे।
0 Response to "Bareilly News: नौकरी के नाम पर ठगी का जाल बिछाने वाला आरोपी गिरफ्तार।"
एक टिप्पणी भेजें