108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
बरेली रूबरू बरेली, 9 जुलाई। आला हजरत इमाम अहमद रज़ा खां फाजिले बरेलवी के 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के प्रतिनिधिमंडल ने भी भाग लिया और उर्स के दौरान आने वाले जायरीनों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
जमात रज़ा के पूर्व प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि तीन दिवसीय उर्स-ए-रज़वी आगामी 7, 8 और 9 अगस्त को आयोजित होगा। उर्स की सभी रस्में काज़ी-ए-हिन्दुस्तान मुफ़्ती मोहम्मद असजद रज़ा खां कादरी (असजद मियां) की सरपरस्ती, जमात रज़ा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उर्स प्रभारी सलमान मियां की सदारत तथा राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां की निगरानी में संपन्न होंगी।
बैठक में उर्स कोर कमेटी के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. मेहंदी हसन ने ट्रेनों में जायरीनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पूर्व में उर्स के दौरान यात्रियों के साथ हुई घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए। वहीं मौलाना इंतजार अहमद ने उर्स के दौरान शहर में दो दिनों तक शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग रखी।
नगर निगम प्रभारी शमीम अहमद ने दरगाह आला हजरत से लेकर उर्स स्थल मदरसा जामियातुर रज़ा तक सफाई व्यवस्था, पेयजल, वजू के लिए पानी की टंकियां, अस्थायी हैंडपंप, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने की आवश्यकता बताई। हाफिज इकराम रज़ा खां ने दरगाह, उर्स स्थल और चादर जुलूसों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ किए जाने की मांग की।
इसके अलावा बिजली आपूर्ति, रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, स्वास्थ्य सेवाएं, फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए और प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उर्स के दौरान जायरीनों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में हाफिज इकराम रज़ा खां, डॉ. मेहंदी हसन, शमीम अहमद, कौसर अली, समरान खान, इंतजार अहमद, अमन खान, बिलाल रज़ा घोसी, फैजान अहमद रज़ा, अदनान हसन, क़मर रज़ा, साजिद अज़हर, क़मर रज़वी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
0 Response to "108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक"
एक टिप्पणी भेजें