धोपेश्वरनाथ धाम में गूंजे भोले के जयकारे, आजाद हिंदू सेना ने कराया महा रुद्राभिषेक
बरेली रूबरू बरेली। श्रावण मास के पावन अवसर पर आजाद हिंदू सेना द्वारा आयोजित सप्तनाथ आरती कार्यक्रम के तीसरे चरण के अंतर्गत सोमवार को प्राचीन एवं ऐतिहासिक बाबा धोपेश्वरनाथ मंदिर में भव्य महा रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, घी, शहद, गंगाजल एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोषों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
आजाद हिंदू सेना के पदाधिकारियों ने बताया कि सावन माह में आयोजित की जा रही सप्तनाथ आरती का उद्देश्य बरेली के प्राचीन शिव मंदिरों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना है। इसी क्रम में तीसरे चरण में बाबा धोपेश्वरनाथ मंदिर पर महा रुद्राभिषेक एवं श्रृंगार पूजन किया गया।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का भव्य श्रृंगार दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा-अर्चना के पश्चात भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन हुआ, जिसमें भक्त देर तक शिव भक्ति में लीन रहे।
आजाद हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष समय माना जाता है और इस दौरान किए गए रुद्राभिषेक से जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
महा रुद्राभिषेक के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में आजाद हिंदू सेना के पदाधिकारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित राठौर जिला अध्यक्ष उमंग शंखदार महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मोना श्रीवास्तव युवा जिला अध्यक्ष सोनू यादव छोटू यादव विशाल बाबा पनव जुनेजा राज कश्यप जितेन्द्र सिंह अनिकेत जोशी शनि दिवाकर मेडी मुकेश राजपूत एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।
0 Response to "धोपेश्वरनाथ धाम में गूंजे भोले के जयकारे, आजाद हिंदू सेना ने कराया महा रुद्राभिषेक"
एक टिप्पणी भेजें