जलधारा के किनारे ग्रेटर बरेली योजना में बनेगा भव्य कैनाल फ्रंट।
बरेली रूबरू बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच एवं मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत विकसित की जा रही ग्रेटर बरेली योजना में एक अनूठी पहल के रूप में भव्य कैनाल फ्रंट विकसित किया जाएगा।
मंडलायुक्त, बरेली शंभू कुमार के निर्देशन में बरेली विकास प्राधिकरण की बनी यह योजनापर उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के anusar योजना के सेक्टर-1 हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर-2 शिवालिक एन्क्लेव के मध्य से होकर गुजरने वाली जलधारा के दोनों ओर विकसित होने वाला यह कैनाल फ्रंट आने वाले समय में बरेली की नई पहचान, सार्वजनिक आकर्षण और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार पीलीभीत रोड से प्रारंभ होकर योजना के मध्य से गुजरने वाली इस जलधारा के दोनों किनारों को योजनाबद्ध ढंग से विकसित कर पैदल पथ, साइकिल मार्ग, जॉगिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, पुष्प सज्जा, फव्वारे, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के खेल क्षेत्र, बैठने के स्थान तथा खान- पान के केंद्र विकसित किए जाएंगे।
इसका उद्देश्य नागरिकों को ऐसा सुंदर और खुला सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना है, जहां लोग सुबह की सैर, जॉगिंग और साइकिलिंग के साथ परिवार एवं मित्रों के साथ अपना अवकाश भी बिता सकें। इस प्रकार यह क्षेत्र स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मेल-जोल का नया केंद्र बनेगा।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार बरेली विकास प्राधिकरण की इस नई योजना कैनाल फ्रंट के दोनों किनारों पर आकर्षक पुष्प एवं उद्यान सज्जा की जाएगी। विभिन्न प्रजातियों के फूलों और रचनात्मक पुष्प संरचनाओं के माध्यम से पूरे क्षेत्र को मनमोहक स्वरूप दिया जाएगा। जलधारा के विभिन्न हिस्सों में फव्वारे विकसित किए जाएंगे तथा विशेष प्रकाश व्यवस्था के माध्यम से शाम के समय पूरा क्षेत्र आकर्षक दिखाई देगा।
भविष्य में कैनाल फ्रंट पर वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी करने की भी परिकल्पना है। इसके लिए बरेली की सामाजिक संस्थाओं, उद्यान एवं पुष्प प्रेमियों तथा अन्य संगठनों को जनभागीदारी के माध्यम से मंच उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे शहर में पुष्प एवं उद्यान संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ बरेली को एक विशिष्ट पर्यटन एवं सांस्कृतिक पहचान भी मिल सकती है।
बरेली विकास प्राधिकरण की कैनाल फ्रंट योजना के विभिन्न हिस्सों में अलग- अलग विषयों पर आधारित कलात्मक संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इनमें फूलों, पक्षियों, पशु जगत तथा खेल एवं ज्ञान- विज्ञान से जुड़े रचनात्मक स्वरूप शामिल होंगे। क्रिकेट का बल्ला, शटलकॉक, ग्लोब आदि विषयगत संरचनाएं बच्चों एवं युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी। बच्चों के लिए झूले एवं खेल क्षेत्र तथा परिवारों के लिए बैठने और विश्राम के स्थान विकसित किए जाएंगे। इससे यह क्षेत्र विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
बरेली विकास प्राधिकरण का ग्रेटर बरेली का कैनाल फ्रंट शहर के आधुनिक एवं हरित स्वरूप को सामने लाने वाला नया पर्यटन आकर्षण बन सकता है। नाथ कॉरिडोर के माध्यम से बरेली की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिली है। इसी क्रम में कैनाल फ्रंट बरेली की प्राकृतिक सुंदरता, हरित परिवेश और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को एक साथ प्रस्तुत करेगा। पर्यटकों एवं शहरवासियों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय खान- पान, छोटे व्यवसायों और सेवा गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सकारात्मक गति मिलने की संभावना है।
साथ ही जलधारा के दोनों ओर हरित क्षेत्र, पौधारोपण, पुष्प सज्जा और खुले सार्वजनिक स्थान विकसित होने से यह परियोजना पर्यावरण के प्रति बरेली की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करेगी और नागरिकों को प्रकृति के निकट स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराएगी।
ग्रेटर बरेली का यह कैनाल फ्रंट केवल सौंदर्यीकरण परियोजना नहीं, बल्कि शहर के भविष्य के नागरिक जीवन को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा एक नया सार्वजनिक क्षेत्र है। जलधारा, हरियाली, फूल, फव्वारे, रोशनी, खेल और मनोरंजन को एक साथ जोड़कर इसे बरेली की नई जीवनरेखा के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है।
बरेली विकास प्राधिकरण का प्रयास है कि ग्रेटर बरेली केवल आवासीय विकास का क्षेत्र न रहकर एक ऐसा आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी क्षेत्र बने, जहां लोग रहने के साथ घूम सकें, खेल सकें, स्वस्थ रह सकें और जीवन का आनंद ले सकें।
बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा यह परियोजना मंडलायुक्त, बरेली के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आगे बढ़ाई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी जी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप ग्रेटर बरेली को एक आधुनिक, सुंदर और नागरिक- केंद्रित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कैनाल फ्रंट इसी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि जलधारा के दोनों ओर फूल, हरियाली, फव्वारे, प्रकाश व्यवस्था, खेल और मनोरंजन की सुविधाओं के साथ ऐसा सार्वजनिक स्थल विकसित हो, जो नागरिकों को बेहतर जीवन-पर्यावरण दे और बरेली को एक नई पहचान प्रदान करे।”
उन्होंने कहा कि भविष्य में सामाजिक संस्थाओं एवं जनभागीदारी के माध्यम से आयोजित होने वाली पुष्प प्रदर्शनी जैसे आयोजनों के लिए कैनाल फ्रंट बरेली के नागरिकों को एक नया मंच उपलब्ध करा सकता है।
ग्रेटर बरेली का यह कैनाल फ्रंट आने वाले समय में पर्यटन, पर्यावरण, नागरिक स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता और स्थानीय अर्थव्यवस्था सभी को एक साथ जोड़ने वाला बरेली का एक विशिष्ट सार्वजनिक स्थल बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। निर्भय सक्सेना
0 Response to "जलधारा के किनारे ग्रेटर बरेली योजना में बनेगा भव्य कैनाल फ्रंट।"
एक टिप्पणी भेजें