शगुन से स्टार्टअप तक’’ में महिलाओं ने साझा किये अपने हुनर, व्यवसाय और सफलता का सफर
बरेली रूबरू बरेली। सैन्ट्रल यू पी चैम्बर आफ काॅमर्स एण्ड इन्डस्ट्री वैलफेयर एसोसिएशन, महिला विंग द्वारा ‘‘शगुन से स्टार्टअप तक’’ विषयक कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी व्यवसाय की पहचान उसके आकार से नहीं बल्कि उसे आगे बढ़ाने वाली महिला की मेहनत, हुनर, आत्मविश्वास और संकल्प से होती है।
चाहे शुरुआत घर से हुई हो, पारिवारिक व्यवसाय से, किसी प्रोफेशन से या अपने छोटे से प्रयास से। हर महिला की अपनी एक प्रेरणादायक कहानी है।
बरेली क्लब में हुए ‘‘शगुन से स्टार्टअप तक’’ कार्यक्रम का उद्देश्य घर से काम करने वाली महिलाओं, स्वतंत्र उद्यमियों, पारिवारिक व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं, पेशेवरों तथा सामाजिक एवं रचनात्मक क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को ऐसा मंच प्रदान करना था, जहाँ हर महिला अपने कार्य, अनुभव और उपलब्धियों को सभी के सामने प्रस्तुत कर सकें।
लेडीज विंग की चेयरपर्सन श्रीमती अमिता अग्रवाल ने कहा कि चैम्बर का उद्देश्य उद्यमी महिलाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपनी प्रतिभा, अनुभव और विचारों को साझा कर सकें तथा अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकें। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “मेरी कहानी 180 सेकंड में” रहा, जिसमें महिलाओं ने मात्र तीन मिनट में अपने कार्य की शुरुआत, संघर्ष, उपलब्धियों और भविष्य के सपनों को साझा किया।
इस अवसर पर स्नेही अग्रवाल ने अपने बुटीक व्यवसाय के सफर के बारे में बताया।
श्रद्धा खंडेलवाल ने भगवान जी की पोशाक बनाने के अपने विशेष कार्य और हुनर को साझा किया।
निधि अग्रवाल ने अपने पेशेवर अनुभव प्रस्तुत किए। आंचल अग्रवाल ने कनक धारा घी से जुड़ी अपनी व्यावसायिक यात्रा के बारे में बताया। दीक्षा गोयल ने स्पाइसविस्टा कॉरपोरेशन के माध्यम से अपने व्यवसाय और अनुभव साझा किए।
इसी क्रम में वैष्णवी ने अपने कार्य और रचनात्मक अनुभवों के बारे में बताया। साक्षी गोयल ने अपने एन. जी. ओ. के माध्यम से किए जा रहे सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डाला। शिरीन अग्रवाल ने भी अपने पेशेवर सफर और अनुभव साझा किए। भावना ने बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।
कार्यक्रम में विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बड़े उत्साह और जोश के साथ सहभागिता की।
आपसी परिचय, संवाद एवं सहयोग के माध्यम से प्रतिभागियों को एक- दूसरे के कार्य को जानने और नए व्यावसायिक संबंध बनाने का अवसर भी मिला।
लेडीज विंग चेयरपर्सन श्रीमती अमिता अग्रवाल ने कहा हमारा प्रयास है कि महिलाएँ एक- दूसरे से जुड़ें, सीखें, सहयोग करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। निर्भय सक्सेना
0 Response to "शगुन से स्टार्टअप तक’’ में महिलाओं ने साझा किये अपने हुनर, व्यवसाय और सफलता का सफर"
एक टिप्पणी भेजें