जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता जरूरी, स्व-गणना के प्रति लोगों को करें जागरूक : जिलाधिकारी
बरेली रूबरू बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जनगणना- 2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना तथा स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार व आमजन को प्रोत्साहित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियो के साथ बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि स्व- गणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं आधिकारिक जानकारी के आधार पर प्रचारात्मक वीडियो एवं जागरूकता सामग्री तैयार करें, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
विकास भवन सभागार में बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना का कार्य नहीं है, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़े देश एवं प्रदेश की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों तथा सार्वजनिक सुविधाओं के नियोजन का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं।
अतः जनगणना-2027 में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना- 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपन्न किया जा चुका है। अब द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य किया जाना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश में 16 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना की प्रक्रिया में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगता है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब प्रगणक घर पर पहुंचें तो उन्हें यह SE ID उपलब्ध कराएं, जिससे आवश्यक सत्यापन किया जा सके। इसके उपरांत 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
16 से 30 नवम्बर तक प्रतिदिन विभिन्न अधिकारियो को जिम्मेदारी देते हुए अलग-अलग वर्गों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—दिन-1, सोमवार, 16 नवम्बर (राजस्व एवं प्रशासन दिवस/सांसद-विधायक दिवस): सभी ग्राम पंचायतों एवं कार्यालय प्रमुखों को स्वयं स्व-गणना करने तथा अपनी स्थिति (Status) साझा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं नगर मजिस्ट्रेट सहित समस्त उप जिलाधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
दिन-2, मंगलवार, 17 नवम्बर (स्थानीय प्रशासन दिवस/ग्रामीण विकास दिवस): नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों, सभी पार्षदों एवं सभासदों, जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायतों, प्रशासकों, निर्वाचित एवं पूर्व ग्राम प्रधानों तथा कृषि संस्थाओं के माध्यम से स्व-गणना का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इसके लिए नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर नगर आयुक्त/नगर जनगणना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उप निदेशक कृषि एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को जिम्मेदारी दी गई है।
दिन-3, बुधवार, 18 नवम्बर (युवा एवं खेल दिवस/सामुदायिक संस्थान/मीडिया दिवस): क्लब, स्टेडियम, एनएसएस, सामुदायिक संस्थाओं एवं मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित कर स्व-गणना के प्रति जागरूकता फैलाई जाएगी। कार्यक्रमों के बाद व्हाट्सएप, सोशल मीडिया एवं व्लॉग के माध्यम से भी प्रचार किया जाएगा। इसके लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, कमांडेंट एनएसएस, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
दिन-4, गुरुवार, 19 नवम्बर (पद्म पुरस्कार विजेता एवं जनपद में रहने वाले विशिष्ट व्यक्तियों का दिवस): शहर के मोहल्लों, अपार्टमेंट, गेटेड सोसायटी एवं हाउसिंग सोसायटी में ब्लॉक स्तर पर व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से स्व-गणना के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए बरेली विकास प्राधिकरण के सचिव, समस्त उप जिलाधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी तथा संबंधित निर्वाचन एवं नगर निकाय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिन-5, शुक्रवार, 20 नवम्बर (न्यायिक दिवस): न्यायपालिका एवं बार एसोसिएशन से सहभागिता का अनुरोध कर स्व-गणना अभियान को सुगम बनाया जाएगा। इसके लिए अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), नगर, प्रशासन एवं न्यायिक तथा नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर मजिस्ट्रेट एवं समस्त उप जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
दिन-6, शनिवार, 21 नवम्बर (वर्दीधारी बल दिवस): विशेष शुल्क/ड्यूटी से अलग पुलिस, पीएसी एवं अन्य वर्दीधारी बलों के कार्मिकों को स्व-गणना के संबंध में जागरूक किया जाएगा। इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी नगर एवं संबंधित पीएसी कमांडेंट को जिम्मेदारी दी गई है।
दिन-7, रविवार, 22 नवम्बर (केंद्रीय सरकारी कार्यालय दिवस/वित्त दिवस): बैंक, रेलवे, डाक विभाग, आयकर एवं जीएसटी विभाग सहित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए अग्रणी जिला प्रबंधक, बैंक ऑफ बड़ौदा, रेलवे के स्टेशन मास्टर, हेड पोस्ट मास्टर, मुख्य कोषाधिकारी, समस्त आयकर अधिकारी तथा संयुक्त/उपायुक्त जीएसटी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
दिन-8, सोमवार, 23 नवम्बर (शिक्षा दिवस): शिक्षा विभाग, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, विश्वविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, केंद्रीय विद्यालय संगठन के संबंधित अधिकारी, उप शिक्षा निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा राजकीय पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी दी गई है।
दिन-9, मंगलवार, 24 नवम्बर (स्वास्थ्य दिवस): आईएमए, नर्सिंग होम एसोसिएशन एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से स्व-गणना का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
दिन-10, बुधवार, 25 नवम्बर (उद्योग एवं परिवहन दिवस): दुकानों, मंडियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, होटलों, रेस्टोरेंट, परिवहनकर्ताओं एवं सिनेमा हॉल के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए उपायुक्त उद्योग, जिला पूर्ति अधिकारी, सचिव मंडी समिति, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सहायक प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, जीएसटी एवं मनोरंजन कर विभाग तथा आबकारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
दिन-11, गुरुवार, 26 नवम्बर (महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस): महिला नेतृत्व वाली संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए उपायुक्त स्वतः रोजगार, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
दिन-12, शुक्रवार, 27 नवम्बर (डिजिटल पहुंच सहायता/विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों का दिवस): जनसामान्य को स्व-गणना में सहायता उपलब्ध कराने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), पंचायत भवनों एवं शहरी वार्ड कार्यालयों में हेल्प डेस्क/कियोस्क की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए अपर नगर आयुक्त, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर निकाय एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जिम्मेदारी दी गई है।
दिन-13, शनिवार, 28 नवम्बर (वर्क फ्रॉम होम दिवस): घर से कार्य करने वाले तथा इंटरनेट एवं डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने वाले लोगों को लक्षित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से स्व-गणना का प्रचार किया जाएगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
दिन-14, रविवार, 29 नवम्बर (प्राइड दिवस): LGBTQ समुदाय एवं परिवारों के बीच जनगणना-2027 और स्व-गणना के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
प्रचार-प्रसार हेतु कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में सेल्फी पॉइंट और फ्लेक्स लगवाने के निर्देश समस्त कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिए गए साथ ही अपने-अपने कार्यालयों, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत सचिवालय, प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, माध्यमिक विद्यालय, इंटर कॉलेज, महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, विश्वविद्यालय, कोचिंग सेंटर, जिला एवं मंडल चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर जनगणना के प्रचार-प्रसार के लिए सेल्फी पॉइंट एवं फ्लेक्स लगवाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक इंटर कॉलेज एवं महाविद्यालय में विद्यार्थियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए तथा इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षण दिया जाए। समस्त बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में स्व-गणना के प्रति जागरूकता के लिए सप्ताह के दो कार्य दिवसों में विद्यार्थियों की रैली आयोजित की जाए। प्रत्येक विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान स्व-गणना की जानकारी दी जाए तथा इससे संबंधित गतिविधियां सोशल मीडिया पर अपलोड की जाएं।
नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में मुनादी और कूड़ा गाड़ियों से प्रचार किया जाये।
जिलाधिकारी ने समस्त नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में जनगणना के प्रचार-प्रसार हेतु मुनादी कराए जाने तथा कूड़ा गाड़ियों पर जनगणना संबंधी प्रचार सामग्री लगवाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद की प्रत्येक बैंक, पोस्ट ऑफिस, को-ऑपरेटिव सोसायटी, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन आदि पर स्व-गणना के प्रचार- प्रसार हेतु फ्लेक्स लगवाए जाएं, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने निर्देश दिए कि कार्यालयाध्यक्ष एवं जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी जनगणना के संबंध में जो भी गतिविधियां आयोजित करें, उन्हें अपने-अपने X (Twitter) अकाउंट, फेसबुक तथा इंस्टाग्राम के माध्यम से अपलोड/शेयर करें तथा संबंधित आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को टैग करें।
इसके लिए @censusindia2027, @hmoindia, @pibindia, @dco_up, @cmoffice_up, @dmbareilly, @dmnbareilly एवं bareillydm को टैग करने के निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार संबंधित नोडल अधिकारी अपने विभाग की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। निर्धारित तिथि, विषय एवं गतिविधियों के अनुसार नगर क्षेत्र एवं ग्राम क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाते हुए 100 प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने विभागों में डे-बाई-डे कैंप लगाकर लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें तथा स्व-गणना की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही तकनीकी कार्यों में भी आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी नियमित रूप से संकलित कर उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि स्व- गणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं आधिकारिक जानकारी के आधार पर प्रचारात्मक वीडियो एवं जागरूकता सामग्री तैयार करें, जिससे अधिक से अधिक परिवार इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित केवल आधिकारिक एवं प्रमाणित जानकारी का ही प्रचार-प्रसार किया जाए। किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा निराधार खबरों को साझा न करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली नकारात्मक खबरों एवं सूचनाओं का तथ्यात्मक सत्यापन अवश्य करें। यदि कोई भ्रामक सूचना संज्ञान में आती है तो तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी जनपदवासियों से अपील है कि स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं तथा प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
जनगणना संबंधी जानकारी एवं सहायता हेतु हेल्पलाइन नम्बर 0581-2422202 एवं 0581-2428188 तथा टोल फ्री नम्बर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई परिवार, कोई बस्ती और कोई निवासी जनगणना से छूटने न पाए। जनगणना-2027 में जनभागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जनगणना हेतु अपना एक कैलेंडर बनाए और तिथिवार ये निर्धारित कर लें कि प्रतिदिन कितने वार्डों में स्वगणना करानी है। सभी अधिकारी एक प्लान बनाकर सुनियोजित तरीके से कार्य करें।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व,संतोष कुमार सिंह,सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी,
सभी खंड विकास अधिकारी, समस्त नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। निर्भय सक्सेना
0 Response to "जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता जरूरी, स्व-गणना के प्रति लोगों को करें जागरूक : जिलाधिकारी"
एक टिप्पणी भेजें