केवल अर्थ से ही धर्म की पताका नहीं फहराई जा सकती : परांदे
बरेली रूबरू बरेली। धर्म के मूल में अर्थ है क्योंकि बिना अर्थ (धन) के ग्रहस्थ जीवन में धर्म की स्थापना नहीं की जा सकती।
परंतु यह भी सत्य है कि केवल अर्थ से धर्म की पताका नहीं फहराई जा सकती।उसके लिए व्यापारियों को अपनी अमूल्य निधि दान करनी होगी और वह है समय।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के कार्यक्रम में आए विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांदे का यह कहना था। वह हित चिंतक अभियान पर अपना उद्बोधन दे रहे थे।
मिलिंद परांदे ने आगे कहा कि आज हिंदुओं में अनेकों दोष आ गए हैं। दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या, नशाखोरी, जातिवाद जैसे दोष हिंदुत्व के विकास में सबसे बड़ी बाधा है।
भारत में आदिकाल से ही सनातन का मूल मंत्र वसुदेव कुटुंबकम का रहा था। अभी हाल ही में जी 20 के सम्मेलन में भारत ने अपना स्पष्ट संदेश वन अर्थ वन फैमिली का पूरी दुनिया को दिया है।
पहले जो सरकारें थी वह धर्म परायणता को हीन दृष्टि से देखती थी। यही कारण था कि भारत में सनातन धर्म कमजोर होता गया और देश में बड़ी संख्या में मतांतरण होता गया।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आज के इस समावेशी उद्बोधन से व्यापारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अब समय आ गया है कि व्यापारी धर्म की रक्षा के लिए न केवल पैसा दान करेगा अपितु उसके लिए समय निकालकर सार्थक कार्य करेगा।
बरेली को धार्मिक नगरी यानी कि नाथ नगरी के रूप में जो पहचान मिली है उससे न केवल शहर का गौरव बढ़ा है अपितु व्यापार में भी वृद्धि हुई है । जिस जिस शहर में सनातन का विकास हुआ है उस शहर का व्यापार भी समृद्धशाली हुआ है।
कार्यक्रम का संचालन महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया ने किया। कार्यक्रम संयोजक मयंक अग्रवाल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश कुमार, विभाग मंत्री मानवेंद्र सिंह राणा विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र, महानगर अध्यक्ष आशु अग्रवाल, महानगर मंत्री संजय शुक्ला, व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश खटवानी मनमोहन सभरवाल, अंजनी गुप्ता, समित अग्रवाल, रचित गुप्ता मुकेश खटवानी, दिलीप गुप्ता, ईशान गुप्ता, आशुतोष गोयल, सी पी सिंह, मुकुल मित्तल आदि कार्यक्रम में उपस्थित थे। निर्भय सक्सेना
0 Response to "केवल अर्थ से ही धर्म की पताका नहीं फहराई जा सकती : परांदे"
एक टिप्पणी भेजें