-->
Bareilly News: परशुराम जन्मोत्सव पर सजेगा बरेली, भव्य शोभायात्रा का होगा आयोजन”

Bareilly News: परशुराम जन्मोत्सव पर सजेगा बरेली, भव्य शोभायात्रा का होगा आयोजन”

बरेली रूबरू बरेली। भगवान परशुराम जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर परशुराम युवा मंच द्वारा 20 अप्रैल को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई।


इस वर्ष शोभायात्रा का 24वां आयोजन है, जो पिछले 23 वर्षों से निरंतर आयोजित होता आ रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या के हनुमानगढ़ी से परम पूज्य महंत बलराम दास जी महाराज शामिल होंगे। वहीं, महामंडलेश्वर शिवानंद महाराज एवं आचार्य संजीव गौड़ जी भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।


कार्यक्रम के तहत 20 अप्रैल को दोपहर 2:00 बजे तुलसी स्थल (निकट अलखनाथ बाबा मंदिर) पर देवाधिदेव महादेव का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 4:00 बजे से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ होगा।

शोभायात्रा तुलसी स्थल से प्रारंभ होकर किला चौकी, साहूकारा, थाना किला, बड़ा बाजार, घंटाघर चौराहा, कोतवाली और नावेल्टी चौराहा होते हुए सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां आरती के बाद यात्रा का समापन किया जाएगा।


इस शोभायात्रा में एटा से आई आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें गणेश जी, शिव-पार्वती परिवार, लक्ष्मी-नारायण, हनुमान जी, श्रीराम परिवार, काली अखाड़ा, भगवान परशुराम, श्रीकृष्ण-राधा, महाकाल और जगन्नाथ जी की झांकियां शामिल होंगी। साथ ही मथुरा का बैंड और चंदौसी का महाकाल बैंड भी माहौल को भक्तिमय बनाएंगे।


प्रेस वार्ता में परशुराम युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मिश्रा ने बताया कि भगवान परशुराम जी को लेकर प्रचलित कुछ भ्रांतियां तथ्यात्मक नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान परशुराम ने किसी जाति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया था।


उन्होंने कहा कि शोभायात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भगवान परशुराम के आदर्शों—न्याय, सत्यनिष्ठा और धर्म रक्षा—को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही यह आयोजन सामाजिक एकता, भाईचारा, स्वच्छता, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे संदेश भी देगा।
विशेष रूप से इस आयोजन में सभी वर्गों के साथ-साथ मुस्लिम समाज द्वारा भी स्वागत किया जाना सामाजिक समरसता की मिसाल है।


पवन मिश्रा ने शहरवासियों और धर्मप्रेमियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं और भगवान परशुराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।

0 Response to "Bareilly News: परशुराम जन्मोत्सव पर सजेगा बरेली, भव्य शोभायात्रा का होगा आयोजन”"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article