Bareilly News: बरेली में बनेगी नई औद्योगिक टाउनशिप
वरिष्ठ पत्रकार निर्भय सक्सेना।
बरेली रूबरू बरेली। विकास प्राधिकरण द्वारा जनपद बरेली में औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 01 ट्रिलियन डॉलर सकल घरेलू उत्पाद के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से एक नई औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना प्रस्तावित की गई है।
यह प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप दिल्ली हाईवे से सटे क्षेत्रों में विकसित की जाएगी, जिसके अंतर्गत तहसील बरेली के ग्राम रसूला चौधरी एवं तहसील मीरगंज के ग्राम भिटौरा नौगंवा उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली तथा रहपुरा जागीर की कुल 126.3043 हेक्टेयर भूमि पर चिन्हित की गई है।
उक्त भूमि का क्रय भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में गठित क्रय निर्धारण समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया जा चुका है।
साथ ही 16 मार्च 2026 को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में भी इस योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु दिनांक 08 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव/सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत इस परियोजना के लिए सीड कैपिटल उपलब्ध कराने पर सहमति व्यक्त की गई।
इस निर्णय के अनुसार, कुल क्रय धनराशि का 50 प्रतिशत भाग सीड कैपिटल के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे परियोजना के विकास कार्यों को शीघ्र गति मिल सकेगी।
यह औद्योगिक टाउनशिप क्षेत्र में निवेश, रोजगार सृजन एवं समग्र आर्थिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगी। निर्भय सक्सेना
0 Response to "Bareilly News: बरेली में बनेगी नई औद्योगिक टाउनशिप"
एक टिप्पणी भेजें