Barellly news: बरेली में सिविल डिफेंस का जागरूकता अभियान: छात्रों को दिया गया सीपीआर का जीवनरक्षक प्रशिक्षण
बरेली रूबरू बरेली। के अलखनाथ डिवीजन सिविल डिफेंस द्वारा जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जीवनरक्षक सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण रानी लक्ष्मी बाई विद्यालय, हार्टमैन के निकट आयोजित हुआ, जिसमें छात्रों और शिक्षकों को आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचाने के महत्वपूर्ण तरीके सिखाए गए।
कार्यक्रम का संचालन सिविल डिफेंस के उपनियंत्रक राकेश मिश्र के निर्देशन एवं डिप्टी चीफ वार्डन रंजीत वशिष्ठ के प्रोत्साहन में किया गया। तृतीय दिवस के इस प्रशिक्षण में वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक पंकज कुदेशिया ने सीपीआर की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रक्रिया केवल उन व्यक्तियों को दी जाती है जो अचानक बेहोश हो जाएं और जिनकी सांस रुक चुकी हो।
उन्होंने समझाया कि कई बार सामान्य स्थिति में कार्य करते हुए व्यक्ति अचानक गिरकर अचेत हो जाता है और कुछ ही मिनटों में उसकी मृत्यु हो सकती है। ऐसे में यदि तुरंत सीपीआर दिया जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि समय पर सहायता न मिलने पर व्यक्ति ब्रेन डेड हो सकता है, जिसके बाद उसे बचाना संभव नहीं होता।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय के छात्र आरूष सक्सेना ने विशेष रुचि दिखाते हुए सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं डिविजनल वार्डन अंजय कुमार अग्रवाल, आईसीओ नीतू द्विवेदी, पोस्ट वार्डन साबिर हसन, आशीष प्रधान, पवन कालरा, सर्वेश मौर्य सहित अन्य वार्डनों और शिक्षकों ने भी सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में डिविजनल वार्डन अंजय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को निर्देश दिया कि सीपीआर का अभ्यास किसी भी जीवित व्यक्ति पर न करें, बल्कि इसके लिए विशेष डमी (मैनीक्वीन) का ही उपयोग करें। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: निर्भय सक्सेना
0 Response to "Barellly news: बरेली में सिविल डिफेंस का जागरूकता अभियान: छात्रों को दिया गया सीपीआर का जीवनरक्षक प्रशिक्षण"
एक टिप्पणी भेजें