Bareilly news: दुर्गा वाहिनी प्रशिक्षण वर्ग का समापन, बहनों ने दिखाया शारीरिक एवं दंड प्रदर्शन
बरेली रूबरू बरेली। विश्व हिंदू परिषद की दुर्गा वाहिनी द्वारा नैनीताल मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग में बृज प्रांत की लगभग 150 बहनों ने भाग लेकर विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन कार्यक्रम के दौरान दुर्गा वाहिनी की बहनों ने शारीरिक कौशल, दंड, समता एवं यष्टि का आकर्षक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विहिप के प्रांत संगठन मंत्री राजेश कुमार ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से बहनों में अनुशासन, दायित्वबोध, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास का भाव विकसित होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय नारी शक्ति का युग है और महिलाओं को शास्त्र के साथ-साथ शस्त्र ज्ञान भी प्राप्त करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज जीवन के हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत की बेटियों के साहस और योगदान की सराहना की। साथ ही उन्होंने लव जिहाद के प्रति सावधान रहने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।
राजेश कुमार ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर एवं वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बहनों से समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कविता शर्मा ने की। मंच पर राजेश पाठक, राजीव सिंह एवं कु. शिवानी चौधरी भी उपस्थित रहीं।
महानगर मंत्री संजय शुक्ला ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का दीक्षांत समारोह 6 जून को प्रातः 8 बजे आयोजित होगा, जिसमें विहिप के केंद्रीय मंत्री दिनेश उपाध्याय का बौद्धिक सत्र होगा।
इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह सोम, विभाग मंत्री मानवेंद्र सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष आशु अग्रवाल, शशिबाला, शिवानी चौधरी, आरती गोस्वामी, दिव्य चतुर्वेदी, विकास सोमवंशी, साधना सिंह, प्रीति आर्या, चंद्रप्रभा, परम केसवानी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 Response to "Bareilly news: दुर्गा वाहिनी प्रशिक्षण वर्ग का समापन, बहनों ने दिखाया शारीरिक एवं दंड प्रदर्शन"
एक टिप्पणी भेजें