बरेली ओसवाल चीनी मिल का बकाया भुगतान दिलाने की मांग तेज, किसानों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट रफत आलम
बरेली रूबरू बरेली। आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान महासचिव कुमुद गंगवार के एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एड. के संयुक्त नेतृत्व में 51 किसानों एवं कांग्रेस के पदाधिकारियों ने ओसवाल चीनी मिल नवाबगंज के किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान न किए जाने के विरोध में जिलाधिकारी बरेली अविनाश सिंह जी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
उक्त जानकारी देते हुए प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने बताया कि जिला अधिकारी के आग्रह पर ७ किसानों का एक शिस्ट मंडल कांग्रेस नेताओं के साथ जिलाधिकारी से मिला और उन्होंने ज्ञापन पत्र सौंपा । जिलाधिकारी ने बड़ी गंभीरता से किसान नेताओं की बातों को सुना और उनके शीघ्र गन्ना मूल के भुगतान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर कुमुद गंगवार ने कहा कि ओसवाल चीनी मिल, नवाबगंज पिछले तीन वर्षों से किसानों के गन्ने का भुगतान करने में विफल रही है। किसानों का लगभग 70 करोड़ रुपये का भुगतान चीनी मिल पर बकाया है, जिससे क्षेत्र के किसान गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों का बकाया भुगतान किए बिना ही चीनी मिल को बेचने का षड्यंत्र किया जा रहा है, जो किसानों के हितों के साथ बड़ा अन्याय है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत और पसीने की कमाई के लिए वर्षों से भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं मिल पा रहा है।
प्रदेश सरकार और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करते हुए किसानों का पूरा बकाया भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए तथा जब तक किसानों का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक चीनी मिल की बिक्री अथवा किसी भी प्रकार के हस्तांतरण पर रोक लगाई जानी चाहिए।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा.एड ने कहा कि यदि सरकार का रवैया किसानों के प्रति अच्छा नहीं रहा और उनके 3 साल के गन्ने का बकाया मूल शीघ्र नहीं दिया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेगी, कांग्रेस पार्टी सदैव गरीब किसान और वंचित लोगों के साथ रही है अगर किसानों का पैसा जल्द से जल्द नहीं दिया गया तो मजबूरन आंदोलन तो चलाया जायेगा और उसके लिए कांग्रेस पार्टी तैयार है।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि किसानों के हितों की रक्षा करते हुए ओसवाल चीनी मिल प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराया जाए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसानों ने उपस्थित होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की और किसानों के बकाया भुगतान को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं कराया गया तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। कार्यक्रम में क्षेत्र के भुक्त भोगी किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य मुख्य रूप से किसान नेता अर्जुन गंगवार, अनिल कुमार बाबा जी, हरवंश कुमार, रितेश कुमार, डॉ यश कुमार, शालिग्राम गंगवार, तीरथ मधुकर, रमेश श्रीवास्तव, मोबिन अंसारी, महेंद्र पाल गंगवार, रोहतास गंगवार, छेद लाल, मोहन स्वरूप गंगवार, बृजेश गंगवार,घनश्याम गंगवार,, किशनलाल, रमेश मौर्य, ओमप्रकाश, राजवीर श्रीवास्तव, भूप राम गंगवार, इंजीनियर जीशान अफरीदी, सुरेश दिवाकर, देवेंद्र प्रकाश, विनोद कुमार,आदि मौजूद रहे।
0 Response to "बरेली ओसवाल चीनी मिल का बकाया भुगतान दिलाने की मांग तेज, किसानों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन"
एक टिप्पणी भेजें