बरेली में इंडस्ट्रियल टाउनशिप और महादेवपुरम आवासीय योजना को मिलेगी रफ्तार। उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने संभाला मोर्चा
बरेली रूबरू बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के संभावित बरेली दौरे को दृष्टिगत रखते हुए बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती सौम्या पांडेय ने विकास कार्यों को गति देने के लिए कमर कस ली है। उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रत्येक बिंदु की गहन समीक्षा की और जहां भी कमियां अथवा बाधाएं मिलीं। उनके त्वरित निस्तारण के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के अनुरूप बरेली में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रस्तावित इंडस्ट्रियल टाउनशिप परियोजना का उपाध्यक्ष श्रीमती सौम्या पांडेय ने निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति, भूमि अर्जन की स्थिति एवं आ रही बाधाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा भूमि अर्जन प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बीडीए श्रीमती सौम्या पांडेय ने कहा कि इंडस्ट्रियल टाउनशिप को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसी क्रम में उन्होंने प्रस्तावित परियोजना को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए मानचित्र में आवश्यक संशोधनों एवं संभावनाओं का परीक्षण किया जाए, जिससे बरेली में बड़े निवेश, उद्योगों एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिल सके।
उपाध्यक्ष श्रीमती सौम्या पांडेय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निजी बिल्डरों द्वारा निर्मित किए जा रहे आवासों का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को शीघ्र आवंटन एवं कब्जा उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही आवासीय परिसर को और अधिक सुविधाजनक, सुंदर एवं जनोपयोगी बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों के संबंध में बिल्डर एवं अधिकारियों को दिशा- निर्देश दिए।
उपाध्यक्ष श्रीमती सौम्या पांडेय ने प्रस्तावित साइंस पार्क एवं बॉक्स विलेज परियोजना की साइट का भी निरीक्षण में परियोजना में हो रहे विलंब पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्य की डे-टू-डे मॉनिटरिंग करते हुए निर्माण कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री कंपोजिट स्कूल परियोजना का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए आवश्यक वैल्यू एडिशन के सुझाव दिए तथा निर्देशित किया कि कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे विद्यार्थियों के लिए विद्यालय में जल्द ही पठन-पाठन की सुविधा प्रारंभ हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने बरेली में प्रस्तावित मुख्यमंत्री की अल्प आय वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग आवासीय योजनाओं की भी समीक्षा की। निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को समझते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे योजनाओं का कार्य जल्द प्रारंभ कराया जा सके।
उपाध्यक्ष श्रीमती सौम्या पांडेय ने नाथ नगरी को समर्पित बरेली विकास प्राधिकरण की रुद्र वनम पार्क योजना का निरीक्षण किया। यह योजना मुख्यमंत्री की विशेष रुचि वाली महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है।
उन्होंने योजना की प्रगति एवं प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पार्क को और अधिक भव्य, दिव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए आवश्यक सभी पहलुओं पर कार्य किया जाए, जिससे यह नाथ नगरी की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप एक विशेष स्थल के रूप में विकसित हो सके।
उपाध्यक्ष श्रीमती सौम्या पांडेय ने महादेवपुरम आवासीय योजना की भी विस्तृत समीक्षा की तथा योजना को और अधिक आकर्षक, सुविधाजनक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में निर्माणाधीन ओवरहेड वाटर टैंक का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार को चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को गति प्रदान कर समय से पूर्व पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने बीसलपुर रोड पर निर्माणाधीन नाले की प्रगति का भी स्थलीय निरीक्षण कर निर्देश दिए कि कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को बेहतर जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
उपाध्यक्ष ने निर्माणाधीन एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का भी निरीक्षण किया और परियोजना के प्रत्येक तकनीकी पहलू की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि एसटीपी का कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण कराया जाए।
साथ ही उन्होंने ट्रीटेड वाटर के अधिकतम उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की, जिससे इसका उपयोग हरित क्षेत्र, सिंचाई एवं अन्य जनोपयोगी कार्यों में किया जा सके और आवासीय क्षेत्रों के निवासियों को इसका अधिकतम लाभ प्राप्त हो।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के इस व्यापक निरीक्षण का उद्देश्य मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच के अनुरूप बरेली में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देना, बाधाओं का त्वरितबी समाधान करना और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों को सुनिश्चित करना है। निर्भय सक्सेना
0 Response to "बरेली में इंडस्ट्रियल टाउनशिप और महादेवपुरम आवासीय योजना को मिलेगी रफ्तार। उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने संभाला मोर्चा"
एक टिप्पणी भेजें