-->
वार्ड 18 विष्णु मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हरियाली तीज महोत्सव, महिलाओं ने बिखेरी प्रतिभा की छटा

वार्ड 18 विष्णु मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हरियाली तीज महोत्सव, महिलाओं ने बिखेरी प्रतिभा की छटा




बरेली रूबरू बरेली। सावन माह के पावन अवसर पर वार्ड 18 स्थित विष्णु मंदिर प्रांगण में हरियाली तीज महोत्सव बड़े ही उत्साह, उल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर गीत-संगीत, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की मुख्य आयोजक एवं वार्ड पार्षद सुधा सक्सेना ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को दैनिक जिम्मेदारियों और व्यस्तताओं से कुछ समय निकालकर एक सकारात्मक एवं आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे खुलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और आपसी संवाद को मजबूत बना सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण एवं भजनों से हुई। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक तीज गीतों, नृत्य प्रस्तुतियों और विभिन्न मनोरंजक खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं और गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में उत्साह देखने लायक था और उन्होंने अपने बचपन की यादों को ताजा करते हुए भरपूर आनंद उठाया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि महिला आयोग सदस्य श्रीमती पुष्पा पांडे तथा विशिष्ट अतिथि महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती नीलम जेठा उपस्थित रहीं। इनके साथ श्रीमती मंगलेश सक्सेना ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब पार्षद सुधा सक्सेना ने उपस्थित महिलाओं को मोतियों की माला पहनाकर महिला एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अनेक मोती एक धागे में पिरोकर सुंदर माला बनाते हैं, उसी प्रकार महिलाओं की एकजुटता उन्हें हर क्षेत्र में सफलता दिला सकती है। उनके इस संदेश को उपस्थित महिलाओं ने खूब सराहा।

आयोजन को सफल बनाने में भावना जोशी, लता सारस्वत, पूनम उपाध्याय, पुष्पा लाभ्यान, गीता देवी, बिंदु मिश्रा, प्रेमा बिष्ट, सीमा शर्मा, भाग्यवती और आराधना शर्मा सहित अनेक महिलाओं का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से हरियाली तीज पर्व की खुशियां साझा कीं तथा स्वादिष्ट भोजन एवं स्नैक्स का आनंद लिया। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और बच्चों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। उपस्थित महिलाओं ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक एकता, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

हरियाली तीज महोत्सव ने न केवल महिलाओं को मनोरंजन और आत्म-अभिव्यक्ति का मंच प्रदान किया, बल्कि सामाजिक समरसता, बहनचारे और महिला एकता का भी सशक्त संदेश दिया।

0 Response to "वार्ड 18 विष्णु मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हरियाली तीज महोत्सव, महिलाओं ने बिखेरी प्रतिभा की छटा"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article