आकाशवाणी बरेली परिसर में जलभराव से प्रसारण हुआ बाधित।
बरेली रूबरू बरेली। पिछले 30 घंटे से हो रही मूसलाधार वर्षा से अधिकांश क्षेत्रों में जलभराव हो जाने से काफी दुकानों में पानी भरने से काफी नुकसान हुआ। 50 वर्ष में पहली बार बरेली आकाशवाणी केंद्र बरेली के परिसर में पानी भरने से प्रसारण भी बाधित हो गया।
बरेली में लगातार हो रही बारिश के कारण पूरे बरेली में पाश इलाकों, रामपुर गार्डन, सिविल लाइन्स, गांधी उद्यान रोड, विकास भवन रोड, राजेंद्र नगर, जनकपुरी, के अलावा चाहबाई, बजरिया पूरनमल, कटरा मानराय, बिहारीपुर, सुभाषनगर सिकलापुर, पुराना शहर आदि लगभग हर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से बन गई। घरों में पानी भरने से लोग परेशान रहे। नगर निगम के नाले, सीवर लाइन सफाई के सारे दावों की पुनः पोल इस सितंबर माह की दूसरी वर्षा ने खोल दी ।
सितंबर प्रथम सप्ताह में भी 381.1 मिलीमीटर वर्षा 24 घंटे में हुई थी जिसमें आधा शहर जलभराव से प्रभावित हुआ था। अब 30 घंटे में 127 मिलीमीटर वर्षा होने की जानकारी मिली है। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को ही भारी बारिश के चलते शनिवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी थी।
अब अगले आदेश तक सभी सरकारी सेवा में लगे कर्मियों की सार्वजनिक अवकाश में छुट्टी पर भी रोक लगा दी है। बरेली आकाशवाणी बरेली केंद्र के परिसर में भी वर्षा से जलभराव के कारण स्टूडियो में ट्रेंच में पानी भर गया है। इस कारण शनिवार दोपहर की सभा से आकाशवाणी के कार्यक्रमों का प्रसारण बाधित रहा। सहायक अभियंता दीपक सक्सेना और कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि जलभराव समाप्त होते ही कार्यक्रमों का प्रसारण जल्द ही सुचारू रूप से आरंभ किया जाएगा।
बारिश से मॉडल टाउन में पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। निर्भय सक्सेना
0 Response to "आकाशवाणी बरेली परिसर में जलभराव से प्रसारण हुआ बाधित।"
एक टिप्पणी भेजें