गणेश विसर्जन को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, SSP ने दिए सख्त निर्देश
बरेली रूबरू बरेली। आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम और जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बरेली श्री अनुराग आर्य ने बुधवार रात पुलिस अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी में जनपद की कानून-व्यवस्था, चल रहे अभियानों तथा गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। SSP ने सभी अधिकारियों को सतर्कता, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने गणेश प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की विशेष निगरानी, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
SSP ने डायल-112, पीआरवी और थाना पुलिस को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक के अंत में SSP अनुराग आर्य ने सभी अधिकारियों को आगामी गणेश विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा जनपद में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
0 Response to "गणेश विसर्जन को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, SSP ने दिए सख्त निर्देश"
एक टिप्पणी भेजें